तीन पेट्रोल पंपों को नोटिस जारी
राजधानी के भीतर स्थित 52 में से तीन पेट्रोल पंपों पर पीने के पानी और एयर फिलिंग स्टेशन की सुविधा नहीं है। शनिवार को जिला खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति के अफसरों की अलग-अलग टीम ने पेट्रोल पंपों का निरीक्षण करने के बाद यह रिपोर्ट पेश की है।
होशंगाबाद रोड अहमदपुर में प्रगति पेट्रोल पंप, नेहरू नगर के पुलिस पेट्रोल पंप और मॉडल ग्राउंड के पास सज्जाद हुसैन पेट्रोल पंप में पेयजल, निशुल्क हवा और प्रसाधन की सुविधा नहीं मिली।
प्रभारी जिला खाद्य एवं आपूर्ति नियंत्रक विवेक सक्सेना ने बताया कि जिन पेट्रोल पंपों में बुनियादी सुविधाएं नहीं हैं, उनके संचालकों को नोटिस जारी किए गए हैं। निर्धारित समयावधि में यदि पंप संचालकों ने यह व्यवस्था नहीं की तो उनके खिलाफ केस दर्ज किया जाएगा।