- Hindi News
- हमीदिया में पांच दिन तक नहीं होगी सोनोग्राफी और कलर डॉप्लर जांच
हमीदिया में पांच दिन तक नहीं होगी सोनोग्राफी और कलर डॉप्लर जांच
हमीदिया अस्पताल में अगले पांच दिन तक सोनोग्राफी और कलर डॉप्लर जांच नहीं होगी। अस्पताल के रेडियो डायग्नोसिस डिपार्टमेंट की सोनोग्राफी और कलर डॉप्लर मशीन शनिवार को खराब हो गईं। इसके चलते मेडिकल जांच कराने पहुंचे 25 मरीजों को वापस लाैटना पड़ा। वहीं, दर्जनभर मरीजों की डॉप्लर जांच एक हफ्ते के लिए टाल दी गई है।
अस्पताल के अधीक्षक डॉ. डीके पाल ने बताया कि मशीन को ठीक होने में कम से कम चार दिन लगेंगे। पटेल वार्ड में भर्ती होशंगाबाद के रामधुन पटेल (68) के बाएं पैर में गेंगरीन हुआ है। डॉक्टरों ने पैर की ब्लड सेल्स में ब्लड सर्कुलेशन की स्थिति जानने उन्हें कलर डॉप्लर कराने भेजा था। यह जांच नहीं हो सकी। इसके चलते उनका ऑपरेशन एक सप्ताह के लिए टाल दिया गया। वहीं, सर्जरी वार्ड में भर्ती शिवमोहन धाकड़ की हाई डेफिशिएंसी सोनोग्राफी नहीं हो सकी। दो दिन पहले पेट में तेज दर्द के इलाज के लिए डॉक्टरों ने उन्हें भर्ती किया था।
शिवमोहन ने बताया कि अस्पताल के मेडिसिन विशेषज्ञों ने शुरुआती जांच के बाद गाल ब्लेडर में पथरी होने की आशंका जताई है। इसकी पुष्टि करने शनिवार को पेट की एचडी सोनोग्राफी होना थी, जो नहीं हो सकी। उन्होंने बताया कि डिपार्टमेंट के डॉक्टरों ने सोनोग्राफी जांच के लिए 3 अक्टूबर को बुलाया है।