पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • नकली नोट का एक आैर सौदागर आष्टा से गिरफ्तार,10 हजार जब्त

नकली नोट का एक आैर सौदागर आष्टा से गिरफ्तार,10 हजार जब्त

6 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
नकली नोट बाजार में चलाने वाले सौदागर जहूर खान के एक साथी को क्राइम ब्रांच ने आष्टा से गिरफ्तार कर लिया है। उसके पास से दस हजार के नकली नोट भी बरामद किए हैं। 10 दिन पहले क्राइम ब्रांच ने जहूर खान को हबीबगंज रेलवे स्टेशन के बाहर से गिरफ्तार किया था। उसके कब्जे से 5 लाख 60 हजार के नकली नोट बरामद किए थे। पुलिस अब तक इस कारोबार से जुड़े छह आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से सात लाख 63 हजार के नकली नोट बरामद कर चुकी है।

क्राइम ब्रांच एएसपी शैलेंद्र सिंह चौहान ने शनिवार को पत्रकारवार्ता में बताया कि क्राइम ब्रांच नकली नोट चलाने वाले गिरोह के संबंध में जानकारी इकट्ठा कर रही है। उसी कड़ी में क्राइम ब्रांच को जानकारी मिली थी कि आष्टा, सीहोर निवासी जहूर खान नकली भारतीय नोट लेकर हबीबगंज स्टेशन पर उतरा है। स्टेशन के बाहर उसके बैग की तलाशी ली गई थी। तलाशी में 5 लाख 60 हजार रुपए के नकली नोट मिले थे। यह नोट वह कोलकाता से लाया था। नोट की सप्लाई बांग्लादेश से हुई थी।

जहूर लंबे समय से नकली नोट के कारोबार से जुड़ा था। उसने खुलासा किया था कि जुम्मापुरा आष्टा निवासी शोएब खान भी उसके साथ इस धंधे में जुड़ा है। जहूर की गिरफ्तारी के बाद शोएब फरार हो गया था।

क्राइम ब्रांच ने घेराबंदी करके शोएब को आष्टा से गिरफ्तार किया है। उसके पास से क्राइम ब्रांच ने 1000 एवं 500 के नोट बरामद किए हैं। क्राइम ब्रांच उससे पता कर रही है कि वह अब तक कितने नकली नोट बाजार में चला चुका है।

शोएब (आरोपी)

दसवीं पास शोएब की आष्टा में अस्पताल के पीछे कपड़े की दुकान थी। उसने दस साल दुकान चलाई। उधारी डूबने के कारण उसने दुकान बंद कर दी थी। फिर उधारी वसूलने के बाद शोएब के पिता ने कुछ जमीन बेचकर जहूर खान के साथ पार्टनशिप में तीन साल पहले एक ट्रक खरीदा था। जहूर और शोएब ट्रक को गुजरात एवं भोपाल चलाते थे। शोएब और जहूर एक दूसरे को सात साल से जानते हैं। करीब 6 साल पहले जहूर शोएब को कोलकाता में चमड़ा हाट लेकर गया था। इसी दौरान वे मालदा जाकर नकली नोट के तस्कर से मिले थे। इसके बाद दोनों इस कारोबार से जुड़ गए शोएब ने कोलकाता से आधी कीमत में नकली नोट जहूर के माध्यम से मंगवाकर उन्हें इस्तेमाल किया।