- Hindi News
- करोड़ों खर्च, फिर भी सेंट्रल लाइब्रेरी से नहीं जुड़े जिला पुस्तकालय
करोड़ों खर्च, फिर भी सेंट्रल लाइब्रेरी से नहीं जुड़े जिला पुस्तकालय
स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा राजधानी सहित प्रदेश भर की पब्लिक लाइब्रेरी का आधुनिकीकरण छह सालों में भी नहीं हो पाया है। वर्ष 2009 में स्कूल शिक्षा विभाग ने स्टेट लाइब्रेरी नेटवर्क तैयार करने का निर्णय लिया था। इन छह सालों में विभाग एक भी जिला लाइब्रेरी को सेंट्रल लाइब्रेरी से नहीं जोड़ पाया है। इस बीच विभाग ने पांचों सेंट्रल लाइब्रेरी की करीब तीन लाख किताबों का ऑटोमेशन ताे कर लिया है, लेकिन किताबों को सॉफ्टवेयर के माध्यम से इश्यू और रिटर्न करने की प्रकिया अभी तक शुरू नहीं हुई है। किताबों के ऑटोमेशन पर करोड़ों रुपए खर्च हाेनेे के बावजूद लाइब्रेरी हाईटेक नहीं हुई है।
ब्रिटिश काउंसिल ने छह साल पहले भाेपाल स्थित अपनी लाइब्रेरी को बंद कर दिया था। इसके बाद स्कूल शिक्षा विभाग ने भोपाल, इंदौर, जबलपुर, ग्वालियर और रीवा स्थित सेंट्रल लाइब्रेरी का आधुनिकीकरण कर इससे जिला स्तर की सभी 37 लाइब्रेरी को जोड़ने का फैसला लिया था। इन लाइब्रेरी के सदस्यों को स्मार्ट कार्ड भी देने का प्रस्ताव था, इसके अंतर्गत उन्हें किसी भी लाइब्रेरी का उपयोग करने की सुविधा मिलनी थी।
आधुनिकीकरणके लिए हर साल 96 लाख तक का बजट तय
लाइब्रेरीके आधुनिकीकरण के लिए शासन द्वारा करीब 96 लाख का बजट निर्धारित किया गया था, लेकिन इन छह सालों में विभाग केवल लाइब्रेरी की किताबों का ऑटोमेशन ही कर पाया है। किताबें तो सॉफ्टवेयर के माध्यम से इश्यू और रिटर्न की जा रही हैं और ही सदस्यों के लिए स्मार्ट कार्ड ही बनवाए जा सके हैं। ऑनलाइन किताबें सर्च करने के लिए ओपेक की भी सुविधा उपलब्ध नहीं कराई जा सकी है।
सूत्र बताते हैं कि राजधानी स्थित जिला लाइब्रेरी की हालत सबसे ज्यादा खराब है। प्रदेश भर में केवल भोपाल स्थित सेेंट्रल लाइब्रेरी की किताबों को इश्यू और रिटर्न करने का काम सॉफ्टवेयर पर करने के साथ ही रजिस्टर पर भी मेंटेन किया जा रहा है। स्टाफ अभी भी पूरी तरह सॉफ्टवेयर पर भरोसा नहीं कर पा रहा है। यहां की मुख्य लाइब्रेरियन डॉ. वंदना शर्मा का कहना है कि कभी-कभार ही किताबें मैन्यूअली इश्यू और रिटर्न करने की नौबत आती है। ज्यादातर यह काम सॉफ्टवेयर के ही माध्यम से किया जाता है। लाेक शिक्षण संचालनालय के संयुक्त संचालक लाइब्रेरी धीरेंद्र चतुर्वेदी के अनुसार सेंट्रल लाइब्रेरी में सॉफ्टवेयर की तकनीकी समस्या को दूर करने की कोशिश की जा रही है।