बदमाशों ने पुलिसकर्मियों को मारी गोली
उत्तरप्रदेश की सीतापुर जेल से फरार बदमाश आशु दीक्षित को पकड़ने भोपाल आई यूपी एसटीएफ के एक संब इंस्पेक्टर और भोपाल क्राइम ब्रांच के कांस्टेबल को बदमाशों ने गोली मार दी। घटना हबीबगंज अंडरब्रिज के पास वाइन शॉप के सामने शनिवार रात 11 बजे की है। एसटीएफ टीम की नजर जैसे ही वाइन शॉप के सामने खड़े आशु पर पड़ी, उन्होंने उसे दबोच लिया। इसी बीच उसके दो अन्य साथियों ने पुलिसकर्मियों पर चार राउंड फायर कर दिए।
जानकारी के मुताबिक, दो हत्याओं का आरोपी आशु छह महीने पहले सीतापुर जेल से फरार हो गया था। यूपी एसटीएफ को उसकी लोकेशन भोपाल के अलकापुरी में मिली थी। शेष| पेज 12 पर
इसीजानकारी के आधार पर एसटीएफ की टीम भोपाल पहुंची थी। शनिवार रात भोपाल क्राइम ब्रांच के कांस्टेबल राघवेंद्र पांडे के साथ यूपी एसटीएफ की टीम अलकापुरी की ओर जा रही थी, तभी हबीबगंज अंडरब्रिज के पास वाइन शॉप के सामने खड़े आशु और उसके साथियों ने एसटीएफ के एसआई संदीप के सीने और पेट पर गोली मार दी। राघवेंद्र ने बदमाशों को पकड़ने की कोशिश की तो उन पर भी फायर किया। गोली राघवेंद्र के हाथ को छूते हुए उनकी पसलियों में फंस गई। घटना के बाद बदमाश सफेद स्विफ्ट डिजायर कार में सवार होकर फरार हो गए। कार में दिल्ली की नंबर प्लेट लगी हुई थी। वारदात के बाद पूरे शहर में नाकेबंदी कर दी गई थी लेकिन रात
12.30 बजे तक बदमाश पुलिस के हाथ नहीं लगे थे।
------------
दोनों की हालत गंभीर-
नर्मदा अस्पताल की डायरेक्टर डॉ. रेणु शर्मा ने बताया कि संदीप के सीने पेट में और राघवेंद्र की पसलियों में गोली फंसी हुई है। उनका ऑपरेशन किया जा रहा है। दोनों को फेफड़ों में गंभीर घाव हैं।
हबीबगंज अंडरब्रिज के पास हुई घटना, यूपी की सीतापुर जेल से फरार बदमाश को पकड़ने भोपाल आई थी एसटीएफ