- Hindi News
- नए शहर में झमाझम बारिश, बैरागढ़ में सिर्फ बूंदाबांदी
नए शहर में झमाझम बारिश, बैरागढ़ में सिर्फ बूंदाबांदी
नएशहर के कई क्षेत्रों में बुधवार को झमाझम बारिश हुई। इस दौरान करीब डेढ़ घंटे में 2.38 सेमी पानी बरस गया। हालांकि पुराने शहर के कई इलाकों और बैरागढ़ में सिर्फ बूंदाबांदी हुई। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि गर्मी बढ़ने के बाद सीबी क्लाउड्स बनने से ऐसी स्थिति निर्मित हुई।
बुधवार दोपहर डेढ़ बजे तापमान 31 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दो बजे के बाद आसमान में बादल घिरे और तीन बजे से बारिश शुरू हो गई। मौसम वैज्ञानिकों ने बताया कि बंगाल की खाड़ी से नमी रही है और दोपहर को तेज धूप की वजह से वाष्पीकरण की प्रक्रिया तेजी से हुई। इससे सीबी क्लाउड्स बने। गुरुवार को भी शहर में ऐसा ही मौसम बना रहने की उम्मीद है। दोपहर बाद कुछ इलाकों में बारिश शुरू हो सकती है।
नए शहर में 2.38 सेमी बारिश के बावजूद इसे रिकॉर्ड में दर्ज नहीं किया जाएगा। इसकी वजह यह है कि मौसम विभाग, बैरागढ़ ऑब्जर्वेटरी में दर्ज हुई बारिश को ही रिकॉर्ड में रखता है। बुधवार को बैरागढ़ इलाके में बारिश दर्ज नहीं हुई। इसीलिए यह बारिश रिकॉर्ड में नहीं रहेगी।