पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • Accident In Bhopal Railway Station, Retired Railwaymen Died

ट्रेन पकड़ने के लिए दौड़े, पैर फिसला और गिरकर चपेट में आए रिटायर्ड रेलकर्मी

6 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
भोपाल. भोपाल रेलवे स्टेशन पर कोच डिस्प्ले सिस्टम की खामी ने रेलवे के एक रिटायर्ड क्लर्क की जान ले ली। सोमवार शाम को उन्हें हबीबगंज-नई दिल्ली शताब्दी एक्सप्रेस से परिवार के अन्य बुजुर्ग सदस्यों के साथ दिल्ली जाना था।
जहां कोच नंबर दो का डिस्प्ले था, वहां कोच नंबर सी-11 आकर रुका। इससे हुई गफलत में सभी बुजुर्ग सामान लेकर कोच नंबर दो की ओर दौड़ने लगे। तभी ट्रेन चल दी। जल्दबाजी में रिटायर्ड क्लर्क दीनदयाल माथुर दूसरे कोच में सवार होने लगे। इसी दौरान उनका पैर फिसला और वे गिरकर ट्रेन की चपेट में आ गए।
गाजियाबाद में रहने वाले 74 वर्षीय दीनदयाल माथुर अपनी भतीजी की शादी में शामिल होने भाई राकेश और अपने परिवार को लेकर 7 फरवरी को भोपाल आए थे। रविवार को शादी समारोह संपन्न हुआ। सोमवार को सभी को हबीबगंज-नई दिल्ली शताब्दी एक्सप्रेस से दिल्ली होते हुए गाजियाबाद लौटना था। उनके भाई राकेश दयाल का परिवार समेत कोच नंबर नौ में रिजर्वेशन था। जबकि दीनदयाल, उनकी पत्नी अंबा और भाभी तारा माथुर का रिजर्वेशन कोच नंबर दो में था।
राकेश माथुर ने बताया कि उनके भाई दीनदयाल प्लेटफॉर्म नंबर दो पर कोच नंबर दो शो कर रहे डिस्प्ले के नीचे खड़े थे, लेकिन जब गाड़ी आई तो उनके सामने कोच नंबर सी-11 आकर रुका। इससे परिवार के सभी सदस्य घबरा गए और कोच नंबर सी-टू ढूंढने के लिए दौड़ने लगे। इसी बीच ट्रेन चल दी। जल्दबाजी में दीनदयाल दूसरे कोच में सवार होने लगे। तभी उनका संतुलन बिगड़ गया और वे ट्रेन की चपेट में आ गए। उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
आज होगा पोस्टमार्टम
हादसे की सूचना पर जीआरपी भोपाल की टीम मौके पर पहुंची। 108 एंबुलेंस को भी बुलाया गया। कानूनी कार्रवाई करने के बाद पुलिस ने श्री माथुर का शव निजी एंबुलेंस से पोस्टमार्टम के लिए हमीदिया अस्पताल भेज दिया। मंगलवार को शव का पोस्टमार्टम करवाया जाएगा।
खुशी में शामिल होने आए थे, मिल गया जिंदगीभर का दुख
पति की अचानक मौत से श्री माथुर की पत्नी अंबा माथुर सदमे में हैं। उनकी आंखों के आंसू नहीं थम रहे हैं। वे हादसे के बारे में सोचकर बार-बार फफक पड़ती हैं। देवर राकेश ने उनके बेटे प्रदीप से मोबाइल फोन पर बात करवाई तो वे बस यही कह पाईं कि ‘खुशी में शामिल होने आए थे, लेकिन यहां जिंदगीभर का दुख मिल गया।
परिजन का आरोप- रेल मंडल की लापरवाही से हुआ हादसा
श्री माथुर की भाभी तारा माथुर का आरोप है कि हादसा रेल मंडल की लापरवाही से हुआ है। उनका कहना है कि पहले स्टेशन पर कोच नंबर सही डिस्प्ले होते थे, लेकिन सोमवार को बोर्ड पर गलत जानकारी डिस्प्ले हुई थी। डिस्प्ले यदि खराब होते तो हम मान लेते, लेकिन जहां कोच नंबर दो डिस्प्ले किया जा रहा है, वहां शताब्दी का कोच 11 कैसे रुका?
गलती मानने को तैयार नहीं रेलवे
हादसे के बारे में भोपाल रेल मंडल के डीआरएम राजीव चौधरी का कहना है कि रेलवे स्टेशन पर डिस्प्ले बोर्ड में कोई खामी नहीं थी। वहां कोच का सीरियल नंबर डिस्प्ले हो रहा था। चलती ट्रेन में सवार होने की हड़बड़ी में बुजुर्ग की मौत हुई।
आगे की स्लाइड्स में देखें photos.......