पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर
डाउनलोड करेंभोपाल. कभी साथ मिलकर मैदा और चायपत्ती की एजेंसी चलाने वाले चार दोस्तों को टीटी नगर पुलिस ने लूट व बाइक चोरी के मामले में गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने छह महीने के भीतर लूट की तीन और बाइक चोरी की नौ वारदातों को अंजाम दिया था। एजेंसी में हुए घाटे के बाद चारों ने मिलकर अपराध का रास्ता अख्तियार कर लिया था।
एसपी टी अमोंग्ला अय्यर ने बताया कि वाहन चैकिंग के दौरान बाइक सवार सैय्यद सादिक और दीपक रैकवार को संदेह के आधार पर हिरासत में लिया गया था। दोनों ने यह बाइक दो महीने पहले मालवीय नगर से चुराई थी। पूछताछ में उन्होंने लूट की तीन और बाइक चोरी की आठ अन्य घटनाओं का भी खुलासा किया। आरोपियों ने इन वारदातों को अपने साथियों जितेंद्र तिवारी और धर्मेंद्र पालकर के साथ मिलकर अंजाम दिया था। पुलिस ने उनके साथियों को भी गिरफ्तार कर लिया। चारों आरोपी पहले साथ मिलकर मैदा, रवा और चायपत्ती की एजेंसी चलाते थे। यह काम उन्होंने कर्जा लेकर शुरू किया था। घाटा होने पर उन्होंने अपराध का रास्ता चुन लिया।
चोरी की 11 बाइक के साथ तीन गिरफ्तार
पिपलानी पुलिस ने चोरी की 11 बाइक के साथ एक नाबालिग समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। एसपी ने बताया कि इंद्रपुरी इलाके में चोरी की बाइक के साथ दो युवकों के खड़े होने की सूचना मिली थी। पुलिस ने घेराबंदी कर उन्हें धर दबोचा। आरोपियों में शिवनारायण प्रजापति और एक नाबालिग शामिल हैं। पूछताछ में आरोपियों ने अपने एक अन्य साथी मोहम्मद आरिफ के साथ वाहन चोरी की वारदातों को अंजाम देना कबूल किया। पुलिस ने आरिफ को भी गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 11 बाइक बरामद की हैं। शिवनारायण इस गिरोह का सरगना है, जो वाहन चोरी और शराब तस्करी के मामले में पहले भी गिरफ्तार हो चुका है। आरोपी शहर के पार्किंग स्थलों से वाहन चुराते थे।
Copyright © 2021-22 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.