पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें

अक्षय तृतीयाः बैंड, बाजा, बारात के साथ खरीदारी के लिए भी है खास

8 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक

भोपाल। अक्षय तृतीया (१२ व १३ मई) को देखते हुए ज्वैलर्स और बड़ी कंपनियां खास ऑफर लाए हैं। सोने के दाम भी पिछले साल के मुकाबले 1100 रुपए कम हैं। इस कारण ज्वैलर्स धनतेरस के बाद दूसरे सबसे बड़े स्वर्ण खरीद पर्व पर अच्छे कारोबार की उम्मीद बांधे हुए हैं।

ग्राहकों को लुभाने के लिए कई ऑफर बाजार में हैं। इनमें १० ग्राम तक ज्वैलरी की खरीदी पर 250 मिलीग्राम का सोने का सिक्का मुफ्त और सोने के सिक्के की खरीद पर 7 फीसदी तक छूट शामिल है। बड़ी कंपनियों ने 5000 रुपए तक की ज्वैलरी की विशेष रेंज सिर्फ 13 मई तक के लिए लॉन्च की है। कई स्टोर प्लेटिनम की नई रेंज और फ्यूजन ज्वैलरी लाए हैं।

सर्राफा कारोबारी संजीव गर्ग गांधी कहते हैं कि अप्रैल में सोने के दामों में हुई गिरावट में ज्यादातर ग्राहकों ने त्योहारों और विवाह आदि को ध्यान में रखकर खरीदारी की थी। इसके बाद भी ग्राहक खरीदारी का कोई मौका चूकना नहीं चाहते। तनिष्क ने 5-10 हजार रुपए रेंज की जो ज्वैलरी भोपाल स्टोर में मंगवाई थी, वह हाथोंहाथ बिक चुकी है।

घट सकती है सिक्कों की बिक्री

इस बार सोने के सिक्कों की बिक्री करीब 40 फीसदी तक घट सकती है। मप्र के लीड बैंक के महाप्रबंधक उमेश कुमार सिंह कहते हैं, बैंकों का मुख्य काम जमा और निकासी ही है। सोने के सिक्कों की बिक्री तो इनके साथ कर ली जाती है। आरबीआई चाहता है कि बैंक सोने के सिक्कों की बिक्री पर ज्यादा फोकस न करें। पिछले साल अक्षय तृतीया पर राजधानी के बैंकों ने करीब 50 किलो के सोने के सिक्के बेचे थे।

...क्योंकि

:अप्रैल में आई गिरावट से बैंकों को सोने के सिक्कों की बिक्री कम दामों पर करनी पड़ी। नतीजतन उन्हें भारी नुकसान उठाना पड़ा। :बैंक बेचे हुए सिक्के वापस नहीं लेते, इसलिए भी बैंक से सिक्के नहीं खरीदना चाहते ग्राहक।

रविवार को खुले रहेंगे पोस्ट ऑफिस

बैंकों से उलट पोस्ट ऑफिस अक्षय तृतीया पर सोने के सिक्कों की बिक्री के लिए तैयार हैं। रविशंकर नगर, जीपीओ, पिपलानी और टीटी नगर स्थित पोस्ट ऑफिस रविवार 12 मई को भी खुले रहेंगे। उधर, सोमवार होने के बावजूद न्यू मार्केट में ज्वैलरी शॉप खुली रहेंगी।

॥ विशेष मौकों पर ग्राहक नए पैटर्न की ज्वैलरी चाहता है। इसलिए हम प्लेटिनम कपल ज्वैलरी और कुंदन व सोने की फ्यूजन ज्वैलरी लेकर आए हैं।
सौरभ गोयल, सर्राफा कारोबारी

॥बाजार में कम रेंज की ज्वैलरी उतारी है। ग्राहक कीमतों में उतार-चढ़ाव को लेकर आशंकित है। इसलिए वे कम कीमत की ज्वैलरी खरीदना चाहते हैं।
अजय सिंह, तनिष्क, न्यू मार्केट

होंगे दो हजार से ज्यादा विवाह

राजधानी समेत पूरे जिले में अक्षय तृतीया पर 13 मई को करीब २००० जोड़ों के विवाह होंगे। कई जगह सामूहिक विवाह समारोह होंगे। रतन कॉलोनी मैदान, करोंद में मुख्यमंत्री कन्यादान योजना के तहत 501 जोड़ों के विवाह होंगे। वहीं, जेनिथ एजुकेशनल एंड वेलफेयर सोसायटी 50 जोड़ों का निकाह कराएगी। गायत्री मंदिर में भी सामूहिक विवाह होंगे।
इधर, बाल विवाह रोकने के लिए महिला बाल विकास विभाग ने १० निगरानी दल गठित किए गए हैं। इस संबंध में कलेक्टर ने विभिन्न समुदायों के धर्मगुरुओं को भी पत्र लिखा है।