भोपाल. उम्र के आधार पर भाजपा के वरिष्ठ नेताओं को सक्रिय कमेटी से हटाकर मार्गदर्शक मंडल में शामिल करने वाले राष्ट्रीय अध्यक्ष
अमित शाह ने भोपाल में भी कुछ ऐसे ही संकेत दिए। अमित शाह बिना पूर्व घोषित कार्यक्रम के शनिवार को इंदौर से भोपाल पहुंचे थे। यहां से उन्हें दिल्ली जाना था, लेकिन फ्लाइट लेट होने के कारण एयरपोर्ट पर ही इंतजार करना पड़ा।
इसी दौरान उनसे मिलने गृहमंत्री बाबूलाल गौर पहुंचे। वीआईपी लाउंज में शाह का जैसे ही गौर से सामना हुआ, शाह ने उनसे बिना औपचारिकता निभाए पूछ लिया - ‘बाबूलाल जी कितनी उम्र हो गई आपकी? हाथ-पैर तो ठीक से चल रहे हैं ना?’ शाह के इस प्रश्न से गौर कुछ असहज हो गए। फिर हंसते हुए बोले- सर, अभी तो 84 साल ही हुए हैं।
शाह ने जब यह सवाल किया तब लाउंज में उच्च शिक्षा मंत्री उमाशंकर गुप्ता समेत सांसद व विधायक मौजूद थे। शाह ने फिर गौर से उपचुनाव के नतीजों पर भी बात की। गौर ने बताया कि पानीपत और
सोनीपत के दौरे से लौटा हूं। स्थिति बहुत अच्छी है। बाद में ‘दैनिक भास्कर’ से बातचीत में आयु पूछे जाने की पुष्टि करते हुए गौर ने बताया कि राष्ट्रीय अध्यक्ष ने उन्हें अब नासिक प्रचार पर जाने के लिए कहा है।