पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें

एएमओ परीक्षा में गड़बड़ी: डॉक्टरों ने 10-10 लाख में किया था सौदा

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
भोपाल. एमपी पीएससी द्वारा आयोजित आयुर्वेद चिकित्सा अधिकारी (एएमओ) चयन परीक्षा में गड़बड़ी के आरोप में एसटीएफ ने बीएएमएस के पांच डॉक्टरों को गुरुवार शाम गिरफ्तार किया है। इन पांचों ने परीक्षा के प्रश्न लीक कराने वाले दलालों से दस-दस लाख रुपए में सौदा किया था।
आरोपियों में विदिशा निवासी ईश्वर प्रताप रघुवंशी, होशंगाबाद निवासी अमित रघुवंशी, ग्वालियर निवासी योगेंद्र उज्जैनिया, सतना निवासी विक्रम बागरी और सीधी निवासी विवेक पटेल शामिल हैं। ईश्वर, अमित और योगेंद्र ने बैतूल से बीएएमएस किया है, जबकि विक्रम और विवेक ने भोपाल स्थित वीणा वादिनी कॉलेज से यह कोर्स किया है।
एसटीएफ के मुताबिक विवेक ने पहले ही गिरफ्तार हो चुके सेंट्रल काउंसिल ऑफ इंडियन मेडिसिन (सीसीआईएम) के स्टेट मेंबर डॉ. सुरेंद्र पटेल से लीक हुए प्रश्न हासिल किए थे। यह सौदा दस लाख रुपए में तय हुआ था।
वहीं, अन्य चारों आरोपियों को दलाल विपिन शर्मा ने लीक प्रश्नों के उत्तर मुहैया करवाए थे। विपिन ने उनसे तय किया था कि यदि परीक्षा में वही प्रश्न आए तो वह उनसे तीन-तीन लाख रुपए लेगा। नौकरी लग जाने के बाद उनसे सात-सात लाख रुपए लेने की बात तय हुई थी।
इन चारों को प्रतापगढ़, राजस्थान के रेस्ट हाउस में लीक प्रश्नों के उत्तर रटाए गए थे। सभी गिरफ्तार आरोपियों को शुक्रवार दोपहर अदालत में पेश कर उनके रिमांड का अनुरोध किया जाएगा।
20 सितंबर तक होगी पूछताछ

इसी मामले में बुधवार शाम गिरफ्तार किए गए मुरैना निवासी बीएएमएस डॉक्टर शशि पाराशर को गुरुवार दोपहर अदालत में पेश किया गया। अदालत ने शशि को 20 सितंबर तक रिमांड पर भेजने के आदेश कर दिए। शशि ने अपने एक परिचित चक्रेश के जरिए लीक प्रश्न हासिल किए थे और सात लाख रुपए में पास कराने का सौदा किया था।