पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें

एशियन गेम्स में महू के शूटर्स जीती चांदी, सेजवाल ने 63 साल बाद दिलाया पदक

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
(स्टार तैराक संदीप सेजवाल ने 50 मीटर ब्रेस्टस्ट्रोक में कांसा अपने नाम किया।)
इंचियोन. एशियन गेम्स के आठवें दिन भारत के खाते में एक रजत आैर एक कांस्य पदक आया। भारत की पुरुष शूटिंग टीम (गुरप्रीत सिंह, विजय कुमार, पेंबा तमांग) ने 25 मीटर सेंटर फायर पिस्टल में रजत पदक जीता। यह तीनों निशानेबाज मार्क्समैनशिप यूनिट (एएमयू) महू में पदस्थ हैं। भारत का शूटिंग में यह एक स्वर्ण, एक रजत और छह कांस्य सहित आठवां पदक है। वहीं, स्टार तैराक संदीप सेजवाल ने 50 मीटर ब्रेस्टस्ट्रोक में कांसा अपने नाम किया। भारत का तैराकी के इस इवेंट में यह पहला पदक है। संदीप झारखंड नेशनल गेम्स (2011) में मध्यप्रदेश की अोर से खेलकर तीन स्वर्ण, एक रजत और एक कांस्य पदक भी जीत चुके हैं।
संदीप ने 63 साल बाद दिलाया पदक
संदीप सेजवाल ने तैराकी की पुरुषों की 50 मीटर ब्रेस्टस्ट्रोक स्पर्धा में कांस्य पदक जीतकर इतिहास रच दिया। उन्होंने 63 साल बाद ब्रेस्टस्ट्रोक में देश को पदक दिलाया। सेजवाल ने पांचवीं लेन में तैरते हुए लाजवाब प्रदर्शन किया और 28.26 सेकंड का समय लेकर तीसरे स्थान पर रहे। कजाकिस्तान के दिमित्रि बालानडिन ने 27.78 सेकंड के समय और गेम्स रिकॉर्ड के साथ स्वर्ण पदक जीता। जबकि जापान के यासुहीरो कोसेकी ने 27.89 सेकंड के साथ रजत जीता। भारत ने पिछले ग्वांगझू एशियाई खेलों में 50 मीटर बटरफ्लाई स्पर्धा में वीरधवल खाड़े के शानदार प्रदर्शन से कांस्य पदक जीता था। जो एशियाई खेलों में 24 साल बाद तैराकी में भारत का पहला पदक था।
भारतीय तिकड़ी का रजत पर निशाना
पेंबा तमांग, गुरप्रीत सिंह और विजय कुमार की तिकड़ी निशानेबाजी प्रतियोगिता में पुरुषों की 25 मीटर सेंटर फायर पिस्टल टीम स्पर्धा में रजत पदक जीत लिया। भारत ने इस स्पर्धा में कुल 1740 अंक जुटाकर रजत पदक जीता। चीन ने 1742 अंकों के साथ स्वर्ण और मेजबान दक्षिण कोरिया ने 1739 अंकों के साथ कांस्य पदक पर कब्जा जमाया।
व्यक्तिगत स्पर्धा में निशाना चूके : व्यक्तिगत स्पर्धा में भारतीय निशानेबाजों का प्रदर्शन निराशाजनक रहा। वे फाइनल के लिए क्वालिफाई नहीं कर सकें। भारत की तरफ से तमांग 581 अंक जुटाकर आठवें स्थान पर रहे। गुरप्रीत 580 अंकों के साथ नौवें और विजय 579 अंकों के साथ 12वें स्थान पर रहे।
आगे की स्लाइड में देखें तस्वीरें