भोपाल. विधानसभा के शीतकालीन सत्र की शुरुआत हंगामे से हुई। कटनी नगर निगम के चुनाव के दौरान बहोरीबंद से कांग्रेस विधायक सौरभ सिंह के साथ हुई मारपीट की घटना पर चर्चा की मांग को लेकर कांग्रेस विधायकों ने सदन में जमकर हंगामा किया। विधानसभा अध्यक्ष सीतासरन शर्मा ने कार्य सूची की औपचारिकता पूरी की और कुछ ही देर में सदन की कार्यवाही मंगलवार तक के लिए स्थगित कर दी।
नवनिर्वाचित विधायक संजय पाठक, गोपाल परमार और नामांकित सदस्य लोरेन बी लोबो के शपथ लेने के बाद सौरभ सिंह व्हील चेयर पर सदन में आए। उनके शपथ ग्रहण करते ही कांग्रेस विधायक मुकेश नायक सहित अन्य विधायकों ने उनके साथ हुई मारपीट का मामला उठाया। विधानसभा अध्यक्ष ने उन्हें दिवंगतों को श्रद्धांजलि का हवाला देकर शांत कराया। श्रद्धांजलि के बाद नायक ने इस मामले में मुख्यमंत्री
शिवराज सिंह चौहान के वक्तव्य की मांग की। संसदीय कार्यमंत्री नरोत्तम मिश्रा ने कहा कि विषय सरकार की जानकारी में आ गया है और अब प्रश्नकाल चलने देना चाहिए।
इसके बाद भी कांग्रेस विधायक नहीं माने। हंगामा बढ़ता गया। आखिर अध्यक्ष को सदन की कार्यवाही स्थगित करनी पड़ी। सदन की कार्यवाही समाप्त होने के बाद कांग्रेस विधायकों ने अध्यक्ष सीतासरन शर्मा से उनके कक्ष में चर्चा की। संसदीय कार्यमंत्री नरोत्तम मिश्रा भी वहां मौजूद थे। बताया जाता है कि दोनों पक्षों के बीच मंगलवार को इस विषय पर स्थगन प्रस्ताव के जरिए चर्चा कराने पर सहमति बन गई है।
कांग्रेस में नेतृत्व की लड़ाई चल रही है। विपक्ष के उपनेता की भूमिका में बाला बच्चन हैं और नायक यह मुद्दा उठा रहे हैं।
- कैलाश विजयवर्गीय, नगरीय प्रशासन मंत्री
सौरभ ने बंदूक निकाली थी
मेरे पास पूरे घटनाक्रम की सीडी है। इसमें सौरभ सिंह बंदूक निकालते हुए नजर आ रहे हैं। यह सीडी मैं सदन में प्रस्तुत करने को भी तैयार हूं। सौरभ चोट का दिखावा कर रहे हैं। सीडी में वे भागते हुए नजर आएंगे।
-संजय पाठक, भाजपा विधायक
रिवॉल्वर भाजपा नेता ने छीनी
भाजपा फर्जी मतदान करा रही थी। मैं रोकने पहुंचा तो संजय पाठक के समथकों ने मुझे घेर लिया था। सुरक्षा गार्ड से मैंने गोली चलाने को कहा तो उसने मना कर दिया। मैंने अपनी रिवॉल्वर निकाली तो भाजपा के रवि तिवारी ने छीन ली। बाद में उससे दो फायर हुए।
- सौरभ सिंह, कांग्रेस विधायक
आगे की स्लाइड्स में देखें तस्वीरें...