भोपाल. भदभदा से दीवानगंज स्टेशनों के बीच तीसरी रेल लाइन के निर्माण कार्य के कारण दस दिन तक भाेपाल से बीना के बीच ट्रेन नहीं चलेंगी। पश्चिम मध्य रेल मंडल ने नॉन इंटरलॉकिंग वर्क के कारण भाेपाल से बीना के बीच की छह ट्रेनाें को आगामी 15 से 24 फरवरी तक के लिए निरस्त कर दिया है।
जो ट्रेनें भोपाल से बीना के बीच निरस्त रहेंगी, उनमें ग्वालियर-भोपाल इंटरसिटी एक्सप्रेस, भोपाल से इटारसी के बीच चलने वाली विंध्याचल एक्सप्रेस, झांसी से इटारसी के बीच चलने वाली पैसेंजर, भोपाल से जोधपुर के बीच चलने वाली फास्ट पैसेंजर, भोपाल से बीना के बीच चलने वाली मेमू ट्रेन शामिल हैं। मेमू ट्रेन भोपाल से सांची के बीच निरस्त रहेगी।
इस तरह परिवर्तित रहेगा विभिन्न ट्रेनों का रूट
रेल मंडल के अनुसार ग्वालियर-भाेपाल इंटरसिटी एक्सप्रेस इस दौरान बीना से ग्वालियर के बीच चलेगी। वहीं भोपाल-इटारसी विंध्याचल एक्सप्रेस बीना से कटनी होकर इटारसी तक चलेगी। इसी तरह इटारसी-झांसी पैसेंजर 15 फरवरी को भोपाल स्टेशन पर टर्मिनेट होगी और 15 से 24 फरवरी तक भोपाल से नागपुर के बीच चलेगी।
इसी प्रकार झांसी-इटारसी पैसेंजर 15 फरवरी को बीना स्टेशन पर टर्मिनेट होगी और 16 से 24 फरवरी तक बीना और झांसी के बीच चलेगी। इसी ट्रेन के बीना से भोपाल के बीच निरस्त रहने के कारण अमृतसर-लोकमान्य तिलक टर्मिनस एक्सप्रेस 15 से 24 फरवरी तक बीना-भोपाल के बीच सभी स्टेशनों पर रुकेगी।
विकल्प के रूप में अन्य ट्रेनों में यात्रा कर सकेंगे यात्री
- भोपाल-जोधपुर फास्ट पैसेंजर 15 से 24 फरवरी तक बीना से जोधपुर के बीच चलेगी। इस ट्रेन के यात्री बीना से भोपाल आने के लिए अमृतसर-लोकमान्य तिलक टर्मिनस एक्सप्रेस का उपयाेग कर सकेंगे।
- भोपाल से सांची के बीच मेमू गाड़ी के निरस्त रहने के कारण यात्री इन स्टेशनों के बीच चेन्नई सेंट्रल-
जम्मू तवी अंडमान एक्सप्रेस और चेन्नई लखनऊ एक्सप्रेस से यात्रा कर सकेंगे। इन गाड़ियों के सांची पहुंचने के बाद ही मेमू ट्रेन चलेगी।
- भोपाल-जोधपुर पैसेंजर के भोपाल से बीना के बीच निरस्त रहने के कारण भोपाल-दमोह राज्यरानी एक्सप्रेस भोपाल-जोधपुर पैसेंजर के निर्धारित हाल्ट पर भोपाल से बीना के बीच रुकेगी। यह गाड़ी बीना से कोटा के बीच कटनी-कोटा पैसेंजर को भी जोड़ेगी।
लेट हो सकती हैं शताब्दी व दो अन्य ट्रेनें
रेल मंडल के अनुसार इन बदलावों के कारण कुछ अन्य ट्रेनों का स्टेशन पर रुकने का समय भी बढ़ाया जा रहा है। लोकमान्य तिलक टर्मिनस-गोरखपुर कुशीनगर एक्सप्रेस को सलामतपुर स्टेशन पर लगभग दो घंटे रोका जा सकता है। इसी तरह गोरखपुर-लोकमान्य तिलक टर्मिनस एक्सप्रेस को सलामतपुर स्टेशन पर ही 30 मिनट तक और नई दिल्ली-हबीबगंज शताब्दी एक्सप्रेस को सलामतपुर स्टेशन पर करीब 35 मिनट तक रोका जा सकता है।