पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर
डाउनलोड करेंभोपाल। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर और प्रदेश संगठन महामंत्री अरविंद मेनन के दबाव के बाद हाटपिपल्या से विधायक दीपक जोशी ने अपना बयान वापस ले लिया है। जोशी ने कहा कि दोस्तों ने कर्नाटक चुनाव के नतीजों का कारण पूछा था, जिस पर उन्होंने फेसबुक पर टिप्पणी की थी। मप्र के परिप्रेक्ष्य में इसे गलत तरीके से लिया गया। गौरतलब है कि जोशी ने गुरुवार को फेसबुक पर अपनी टिप्पणी में कहा था कि पार्टी में परिवारवाद व पट्ठावाद चरम पर है। उधर, बेटे दीपक की टिप्पणी से पिता व पूर्व मुख्यमंत्री कैलाश जोशी ने किनारा कर लिया है।
कैलाश जोशी के मुताबिक उनकी दीपक से बयान के संबंध में कोई बात नहीं हुई। यदि उसने कुछ कहा है तो यह उसकी निजी राय होगी। इधर, दीपक के बयान से भाजपा में दिनभर सियासी माहौल गर्म रहा। पार्टी के बड़े नेता इस बारे में कुछ भी कहने से बचते रहे। हालांकि तोमर और मेनन ने दीपक से बयान के संबंध में पूछताछ की। दीपक ने अपनी सफाई में गलती मानते हुए देर रात फेसबुक से बयान हटा लिया।
दीपक ने इस संबंध में भास्कर से कहा कि उनकी वजह से पार्टी को कोई दिक्कत न हो इसलिए उन्होंने बयान वापस ले लिया है। पार्टी सूत्रों का कहना है कि शुक्रवार सुबह मुख्यमंत्री ने भी इस मामले को गंभीरता से लिया। पार्टी के प्रवक्ता विजेंद्र सिंह सिसोदिया मुख्यमंत्री निवास गए। सिसोदिया ने दीपक से बात की। इसके बाद भी दिनभर फेसबुक पर बयान चलता रहा। स्थिति यह रही कि रात 9 बजे तक 50 से ज्यादा लोगों ने बयान के समर्थन में टिप्पणी कर दी थी।
॥दीपक से बात की थी। उन्होंने कहा कि दोस्तों ने कर्नाटक चुनाव के बारे में कुछ पूछा तो बैठे-बैठे मूड आया और टिप्पणी कर दी। प्रदेश के संदर्भ में कुछ नहीं कहा।
विजेंद्र सिंह सिसोदिया, प्रवक्ता, भाजपा
॥दीपक के बयान से सहमत नहीं हूं। अनुशासनहीनता की बात है तो कार्रवाई के बारे में पार्टी अध्यक्ष तय करें।
कैलाश सारंग, अध्यक्ष, भाजपा अनुशासन समिति
Copyright © 2021-22 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.