भोपाल. मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी द्वारा अब भोपाल में उपभोक्ताओं को मुफ्त में एलईडी देगी। बिजली बचाने के लिए शुरू किए जा रहे इस अभियान के तहत इस एलईडी के बदले सिर्फ घर के कोई भी तीन बल्ब कंपनी को देना होंगे। केंद्र सरकार की डिमांड साइड मेनेजमेंट (डी एसएम) योजना फिलहाल देश की राजधानी दिल्ली में चल रही है।
बिजली कंपनी अधिकारियों के अनुसार दिल्ली में यह योजना काफी सफल हुई है। उसके बाद ही केंद्र सरकार ने सभी प्रदेशों के ऊर्जा मंत्रियों को इस योजना को लागू करने के निर्देश दिए हैं। इस योजना से कंपनी के ऊपर अतिरिक्त भार शुरू में आ सकता है, लेकिन बाद में बिजली खपत काफी तेजी से कम होने लगेगी।
खपत बढ़ने के कारण बाहर से बिजली खरीदने में जो राशि कंपनी द्वारा खर्च की जा रही है, वह बच जाएगी। यह लंबी योजना है, लेकिन इसका लाभ कंपनी के साथ ही प्रदेश को होगा। दिल्ली में चल रही योजना को प्रदेश के अधिकारी और मंत्रियों ने भी काफी सराहा था। इसके पहले कंपनी ने जब पहली बार सीएफएल मार्केट में आए थे, तब भी पुराने बल्ब बदले गए थे।
कनेक्शन भी नियमित
अधिकारियों के अनुसार बिजली कंपनी द्वारा शहर के करीब लगे उन अस्थाई कनेक्शन को भी नियमित कर रही है, जो ग्रामीण फीडर से जुड़े हैं। यह कनेक्शन उन स्थाई कनेक्शन के करीब होना चाहिए, जो 50 मीटर के दायरे में हों।
कोलार में लगेगा शिविर
कोलार में 12 को बिजली कंपनी शिविर आयोजित कर रही है। इसमें बिजली उपभोक्ताओं की शिकायतें सुनकर उनका निराकरण किया जाएगा। शिविर सुबह दस से शाम चार बजे तक चलेगा।