पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर
डाउनलोड करेंभोपाल। दुल्हन 15 साल की, दूल्हा 18 साल का। दोनों परिणय सूत्र में बंधते, इससे पहले ही जिला प्रशासन और महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारियों की टीम ने शादी रुकवा दी। हालांकि, दूल्हा-दुल्हन के माता-पिता और रिश्तेदारों ने सरकारी अमले से तीखी बहस भी की जिससे विवाद की स्थिति बनी। जब अधिकारियों ने उन्हें बताया कि यदि आप नहीं माने तो सभी को जेल जाना पड़ सकता है।
इसके बाद दुल्हन ने अधिकारियों से कहा कि वह 18 साल की उम्र पूरी होने पर ही शादी करेगी। इसके लिए उसने हलफनामा भी दिया। अक्षय तृतीया से एक दिन पहले रविवार को विवाह समारोह में ऐसे आधा दर्जन बाल विवाह रोके गए। जिला महिला एवं बाल विकास अधिकारी नकी जहां कुरैशी ने बताया कि शहर के अलग-अलग हिस्सों से दिनभर बाल विवाह की सूचना मिलती रही। सबसे ज्यादा मामले बैरसिया इलाके के थे। यहां पांच बाल विवाह रुकवाए गए।
बैरसिया में महिला एवं बाल विकास विभाग के परियोजना अधिकारी डॉ. नईमुद्दीन खान ने बताया कि बैरसिया में 15 साल की हेमलता का 18 साल के महेश से विवाह होना था। सरकारी अमले ने उन्हें समझाया, तब उनके परिजन शादी न करने के लिए राजी हुए। ऐसे ही वार्ड क्र. 14 में एक ही घर की बेटियां उर्मिला व सुमन की उम्र भी 18 साल की नहीं थी। सरकारी अमले के पहुंचने पर उनके परिजनों ने भी अभी शादी नहीं करने का हलफनामा दिया।
बाल विवाह कराया तो जेल जाओगे पंडितजी
गुना के मकसूदनगढ़ से अमर मिश्रा की बारात रातीबड़ के लिए रवाना हुई थी। दोपहर के करीब दो बजे सामूहिक विवाह समारोह में अमर का विवाह पूजा के साथ होना था। इसकी भनक जब परियोजना अधिकारी आलोक श्रीवास्तव को लगी तो वे सीधे मंडप पहुंचे। आयोजकों से बात कर दूल्हा-दुल्हन के दस्तावेज देखे, पता चला दूल्हे की उम्र 20 साल है। लड़की की उम्र बताने के लिए कोई दस्तावेज नहीं था। श्रीवास्तव ने दोनों पक्षों के परिजनों को फोन लगाया। लड़के वालों ने बताया कि बारात गुना से रवाना हुई है। फिर लड़की के परिजनों से बात की। वे राजी नहीं हुए तो अधिकारी ने पंडितजी से कहा- यदि आपने बाल विवाह कराया तो आपको भी जेल जाना होगा। आयोजकों को बताया कि यदि बाल विवाह हुआ तो उन्हें भी जेल जाना होगा। बाल विवाह होने पर दो साल की जेल या एक लाख रुपए जुर्माने का प्रावधान है। आयोजकों के मनाने पर दूल्हा-दुल्हन के परिजनों ने अभी शादी नहीं करने का शपथ पत्र दिया।
दुल्हन ने हलफनामा दिया-18 साल के बाद ही करुंगी शादी
बैरसिया में साढ़े 17 साल की ज्योति का विवाह गुनगा के श्याम सेन से तय हुआ था। उनका विवाह तरावली मंदिर में होना था। सरकारी अमले ने उन्हें शादी के लिए मना किया तो ज्योति की मां शीला बाई ने अधिकारियों से कहा कि- आप ऐसे कैसे शादी रोक देंगे। हालांकि रिश्तेदारों के समझाने के बाद वह मानीं। खुद ज्योति ने शपथ पत्र दिया कि वह 18 साल की उम्र पूरी होने के बाद ही शादी करेगी।
Copyright © 2021-22 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.