भोपाल. राजधानी के तीन सेंट्रल स्कूलों में सोमवार से पहली कक्षा में दाखिले की प्रक्रिया शुरू हो गई। इन स्कूलों की कुल 480 सीटों के लिए पहले ही दिन 375 एडमिशन फॉर्म बंट गए। फॉर्म के लिए स्कूलों में पेेरेंट्स की लंबी कतारें लगी रहीं। शिवाजी नगर स्थित सेंट्रल स्कूल क्रमांक दो में सुबह 10 बजे से ही फॉर्म के लिए लाइन लग गई थी।
दोपहर बारह बजे तक यहां करीब 125 फॉर्म वितरित किए गए। यही स्थिति मैदा मिल स्थित सेंट्रल स्कूल क्रमांक एक और दानिश नगर स्थित सेंट्रल स्कूल क्रमांक तीन में भी रही। सेंट्रल स्कूल क्रमांक दो के प्रिंसिपल गुलाब बोरकर ने बताया कि फॉर्म जमा करने की आखिरी तारीख 10 मार्च तक है।
सेंट्रल स्कूलों से मिली जानकारी के अनुसार राजधानी के तीनों सेंट्रल स्कूलों में 140-140 सीटें हैं। स्कूल प्रिंसिपल्स के मुताबिक फॉर्म लेने वालों की संख्या और बढ़ने की संभावना है। शहर के सीबीएसई से संबद्ध अन्य स्कूलों में एडमिशन की प्रक्रिया पहले ही पूरी हो चुकी है। तय सीट के मुकाबले अधिक संख्या में फॉर्म आने पर एडमिशन के लिए छात्राें का चयन रेंडम प्रक्रिया के आधार पर किया जाएगा।