भोपाल. नगर पालिका कोलार का नगर निगम भोपाल में विलय होने की अधिसूचना जारी होने के बाद से उपनगर में चरमराए सफाई, स्ट्रीट लाइट और अन्य रोजमर्रा की जरूरतों से जुड़े काम अब सुचारु रूप से हो सकेंगे। इसके लिए नगर पालिका सीएमओ सत्येंद्र सिंह धाकरे और नगर निगम कमिश्नर के बीच बैठक हो गई है।
उसमें पालिका और निगम के बीच कामों की स्थिति स्पष्ट कर दी गई है। इसके तहत सफाई, स्ट्रीट लाइट सहित अन्य सिविल वर्क जो रोजमर्रा से संबंधित काम हंै वे पहले की तरह ही पालिका का अमला करेगा। जबकि निर्माण कार्यों के बिलों के भुगतान व अनुमित से संबंधित निर्णय माता मंदिर स्थित नगर निगम ऑफिस से होंगे।
पिछले दिनों निगम के इंजीनियर्स ने नपा कार्यालय में आकर वाटर सप्लाई व अन्य निर्माण कार्यों की जानकारी हासिल की है। आने वाले समय में उनके द्वारा ही इन कामों को भी अंजाम दिया जाएगा।
गौरतलब है कि पालिका कोलार का निगम में विलय होने के बाद से सारे काम ठप पड़ गए हैं। रहवासी नागरिक सुविधाओं से वंचित हो गए थे। उन्हें सीवेज, पानी और स्ट्रीट लाइट जैसी रोजमर्रा के कामों के भटकना पड़ रहा था। कामों को लेकर पालिका और निगम के अफसर खुद असामंजस्य में थे।