भोपाल. नगर निगम के 85 वार्डों की तस्वीर साफ हो गई है। प्रस्तावित सीमा में बड़े बदलाव नहीं किए गए हैं। कुछ हिस्सों में भौगोलिक सीमा और रहवासियों की आपत्तियों का निराकरण करते हुए थोड़े बदलाव किए जा रहे हैं। सोमवार देर रात तक कलेक्टोरेट में जिला प्रशासन और नगर निगम के अफसर वार्डों के परिसीमन पर आई हर आपत्ति की जांच रिपोर्ट के आधार पर परिसीमन के प्रस्ताव को अंतिम रूप देने में लगे रहे। मंगलवार को अंतिम प्रस्ताव संभागायुक्त को भेजा जाएगा। उनकी मंजूरी के बाद राजपत्र में प्रकाशन होगा।
परिसीमन प्रस्ताव पर आई 154 आपत्तियों की सोमवार को कलेक्टर कोर्ट में अंतिम सुनवाई हुई। इसमें जनप्रतिनिधियों ने अपने-अपने वार्ड की सीमाओं में कई खामियां गिनाईं। कांग्रेस के गुड्डू चौहान ने कहा कि बूथ की मतदाता संख्या और क्षेत्र बदल दिए गए हैं। अशरफ खान ने बताया कि 80 फीट रोड का एक हिस्सा वार्ड 35 में जोड़ दिया है, बाकी दूसरे वार्ड में।
पार्षद कृष्णमोहन
सोनी, महेश मकवाना, मीनाक्षी विश्वकर्मा ने भी अपने वार्डों की सीमाओं में गलतियां गिनाईं। पार्षद शबिस्ता आसिफ जकी ने वार्ड 24 में वार्ड 32 के बड़े हिस्से रोशनपुरा झुग्गी बस्ती से राजभवन के पीछे तक के हिस्से को जोड़े जाने पर आपत्ति की हैं। इधर, जिला कांग्रेस अध्यक्ष पीसी शर्मा ने भी कलेक्टर के सामने भोपाल नगर निगम की जनसंख्या पर आपत्ति पेश की।
आपत्तियों की सुनवाई के बाद हुए बदलाव
>शाहपुरा ए-सेक्टर के 50 मकानों को वार्ड 48 में प्रस्तावित किया गया था, इन्हें वार्ड 51 में शामिल कर दिया गया है।
>वार्ड नंबर 2 के नक्शे में गलत प्रिटिंग के चलते ब्लॉक नंबर 3, 4 व 5 छपा था, आपत्ति के बाद इसे संशोधित कर यह नंबर 13, 14, 15 कर दिए गए।
>वार्ड नंबर 6 के नक्शे में द्रोणांचल का हिस्सा नहीं था। इसे वार्ड क्रमांक 72 में दिखा दिया गया था। द्रोणांचल को वार्ड छह में शामिल किया गया है।
>वार्ड क्रमांक 21 के कुछ हिस्से को वार्ड 8 में प्रस्तावित किया गया था, इसमें संशोधन कर इसे वार्ड 21 में शामिल किया जा रहा है।
>वार्ड 70 व 71 के नक्शे में गलती को ठीक किया गया है।