पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • Cm Shivraj Singh In Makhan Lal Univercity Bhopal

सीएम बोले- पत्रकारिता विवि में पंडित दीनदयाल उपाध्याय पीठ की होगी स्थापना

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
भोपाल. माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय में पंडित दीनदयाल उपाध्याय पीठ की स्थापना होगी। इस पीठ में पंडित दीनदयाल उपाध्याय के एकात्म मानव-दर्शन के अनुसार सामाजिक संवाद एवं मीडिया की रचना और दायित्व विषय पर शोध होगा। इसके साथ ही विवि में प्रकृति से संवाद पीठ की भी स्थापना की जाएगी। इसमें पशु, पक्षी, जीव-जन्तुओं, वनस्पति का आपसी व मनुष्य से संवाद विषय पर अनुसंधान होगा।
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने यह घोषणा बुधवार को विवि द्वारा परिसर में एकात्म मानव-दर्शन और मीडिया की भूमिका पर आयोजित व्याख्यान कार्यक्रम में की। विवि द्वारा यह कार्यक्रम पंडित दीनदयाल उपाध्याय की 98वीं जयंती की पूर्व संध्या पर आयोजित हुआ था। इस दौरान मुख्यमंत्री ने विश्वविद्यालय की प्रवेश परीक्षा में प्रथम स्थान प्राप्त कर प्रवेश लेने वाली छात्राओं को शासन की ओर से लेपटॉप देने की भी घोषणा की।
दीक्षांत समारोह कराने की तैयारी : यूनिवर्सिटी के कुलपति प्रो. बीके कुठियाला ने कहा कि विवि ने इसी साल दीक्षांत समारोह आयोजित करने की तैयारी की है। इसके लिए मुख्यमंत्री से स्वीकृति मांगी है। मुख्यमंत्री ने विवि द्वारा प्रकाशित पुस्तकों और त्रैमासिक पत्रिका एमसीयू समाचार का विमोचन किया।
छात्र ने विवि प्रशासन के खिलाफ की शिकायत

कार्यक्रम के दौरान एक छात्र ने मुख्यमंत्री से विवि प्रशासन के खिलाफ शिकायत की। बीएससी इलेक्ट्रानिक्स मीडिया के छात्र रणधीर ने मुख्यमंत्री को बताया कि विवि का स्टाफ छात्रों से नौकर जैसा व्यवहार करता है। विवि प्रशासन द्वारा जो कुछ दिखाया जा रहा है वास्तव में वैसा कुछ नहीं है। शिकायत करने के बाद छात्र ने मुख्यमंत्री से यह भी कहा कि इस हरकत के कारण विवि उसकी डिग्री रोक सकता है।