भोपाल. उत्तर व उत्तर पूर्वी दिशा से आने वाली हवा की रफ्तार बढ़ने से दिन में भी ठंड का असर दिखने लगा है। तेज धूप के बावजूद ठंडी हवा लोगों को चुभ रही है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि अगले एक-दो दिन तक शहर में ऐसा ही मौसम रहेगा। इसके बाद ठंड और बढ़ सकती है।
चार दिन पहले तक ठंड का अहसास सिर्फ रात में हो रहा था।
सुबह 9 बजे लोग गर्मी से परेशान दिखाई दे रहे थे। हालांकि अधिकतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना हुआ है। सोमवार को भी शहर का अधिकतम तापमान 27.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। रविवार को यह 26.8 डिग्री सेल्सियस था। वहीं सोमवार को शहर का न्यूनतम तापमान 11 डिग्री सेल्सियस रहा। रविवार को यह 10.9 डिग्री था।
मौसम केंद्र के निदेशक डॉ. अनुपम काश्यपि ने बताया कि प्रदेश में अब तक उत्तर व उत्तर पूर्वी दिशाओं से हवा तो चल रही थी, लेकिन इसकी रफ्तार सिर्फ 5 से 7 किमी प्रति घंटे थी। बीते तीन-चार दिनों से हवा की स्पीड 10-15 किमी प्रति घंटा हो गई है। इसी वजह से दिन में भी हवा चुभ रही है। डॉ. काश्यपि ने बताया कि एक-दो दिन तक शहर में ऐसा ही मौसम बना रहेगा।