भोपाल. जिला प्रशासन द्वारा नगर निगम के वार्डों की संख्या 85 कर परिसीमन करने के प्रस्ताव से कांग्रेस की मुश्किलें बढ़ गई हैं, जबकि भाजपा इससे खुश है। वजह है कि नए परिसीमन में जिन 15 वार्डों को बढ़ाया गया है, उनमें से 12 वार्डों में अब तक के चुनावों में भाजपा को बढ़त मिलती रही है।
जिन वार्डों का स्वरूप बदलकर नए वार्ड बनाए गए हैं, वे भी भाजपा के लिए मुफीद हैं। कांग्रेस के लिए राहत की बात सिर्फ यह है कि उत्तर विधानसभा में परिसीमन के बाद भी वह मजबूत है। वरिष्ठ कांग्रेसी पार्षदों का मानना है कि वोटों का ध्रुवीकरण होने पर पार्टी 13 में से 9 वार्ड में बढ़त हासिल कर सकती है। जबकि गोविंदपुरा, हुजूर और नरेला में कांग्रेस को काफी नुकसान हो सकता है।
वेबसाइट पर देख सकते हैं परिसीमन और वार्ड के नक्शे
शनिवार को सरकारी छुट्टी का दिन होने के कारण लोग नगर निगम या कलेक्टोरेट में परिसीमन का प्रस्ताव नहीं देख पाए। अब सोमवार को लोग प्रस्ताव देखने के साथ ही अपनी आपत्तियां भी दर्ज करा सकेंगे।
हालांकि लोगों की इस असुविधा को देखते हुए निगम ने शनिवार देर रात अपनी वेबसाइट bmconline.gov.in पर नए वार्डों के नक्शे और उनकी चतुर्सीमा का विवरण अपलोड कर दिया है। इसके साथ ही मौजूदा वार्डों, जोन ऑफिस, कोलार नपा कार्यालय और निगम मुख्यालय में भी इस विवरण को चस्पा किया जा रहा है।