पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर
डाउनलोड करेंभोपाल. प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में सोमवार को हुई विधायक दल की बैठक में पार्टी के 58 विधायकों में से केवल 22 ने ही उपस्थिति दर्ज कराई। पार्टी के वरिष्ठ विधायकों महेंद्र सिंह कालूखेड़ा, डॉ. गोविंद सिंह, आरिफ अकील और रामनिवास रावत इस बैठक में नहीं पहुंचे। रावत बैठक के बाद भोज में जरूर शामिल हो गए थे। नेता प्रतिपक्ष चयन के बाद हुई इस पहली औपचारिक बैठक में नए विधायकों ने ही रुचि दिखाई। विधानसभा सत्र में भी पार्टी के नए विधायक ही सक्रिय नजर आए थे।
कटारे ने शुरू की शेडो मंत्रिमंडल की तैयारी : नेता प्रतिपक्ष सत्यदेव कटारे ने शेडो मंत्रिमंडल के गठन की तैयारी शुरू कर दी है। बैठक में आए विधायकों से उन्होंने एक फॉर्म भरकर देने को कहा। इस फॉर्म में उनके पसंदीदा विभाग भी पूछे गए हैं। कटारे ने बताया कि बैठक से गैर मौजूद विधायकों को फॉर्म डाक द्वारा भेजे जाएंगे। विधायकों से फॉर्म वापस मिलने के बाद शेडो मंत्रिमंडल बनेगा। कटारे ने विधायकों से प्रदेश में हुई ओलावृष्टि का मुद्दा अगले विधानसभा सत्र में पूरी तैयारी से उठाने को कहा। कटारे ने विधायकों से अपने क्षेत्र की वास्तविक स्थिति और सर्वे रिपोर्ट आदि के आधार पर तार्किक ढंग से ओलावृष्टि के मुद्दे पर सरकार को घेरने को कहा।
राजभवन पहुंचे केवल 18 विधायक : शाम को प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अरुण यादव और नेता प्रतिपक्ष सत्यदेव कटारे राज्यपाल रामनरेश यादव से मुलाकात करने पहुंचे। उन्होंने राज्यपाल को सौंपे ज्ञापन में ओला-पाला पीडि़त किसानों को मुआवजा और बीमा राशि का भुगतान करने के साथ पूर्व विधायक अरुणोदय चौबे और युवा कांग्रेस व एनएसयूआई पदाधिकारियों पर दर्ज केस वापस लेने की मांग की है। ज्ञापन पर पार्टी के केवल 18 विधायकों के हस्ताक्षर हैं।
पिछली बार से ज्यादा सीटें जीतेगी कांग्रेस : अनिल शास्त्री
पूर्व केंद्रीय मंत्री अनिल शास्त्री ने सोमवार को प्रदेश कांग्रेस के पदाधिकारियों के साथ चर्चा में विश्वास व्यक्त किया कि पार्टी इस बार पिछले चुनाव की तुलना में अधिक सीटें जीतेगी। पीसीसी में प्रदेशाध्यक्ष अरुण यादव और नेता प्रतिपक्ष सत्यदेव कटारे ने उनका स्वागत किया।
पीसीसी में शुरू हुआ शोध एवं प्रशिक्षण कक्ष
प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में एक शोध एवं प्रशिक्षण कक्ष स्थापित किया गया है। पार्टी के आईटी और विचार विभाग द्वारा संयुक्त रूप से संचालित इस कक्ष में केंद्र सरकार की योजनाओं की जानकारी के साथ भाजपा सरकार की नीतियों और गतिविधियों पर भी नजर रखी जाएगी। यहां संकलित जानकारियां कांग्रेस के संभाग, जिला व ब्लॉक कार्यालयों व सभी स्तर के पदाधिकारियों को भेजी जाएंगी। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अरुण यादव ने गणतंत्र दिवस पर इस कक्ष का उद्घाटन किया।
Copyright © 2021-22 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.