ये है शौकत, जो वॉशिंग प्रोडक्ट बनाने वाली कंपनी का सेल्समैन बनकर होटल मालिकों से मिलता था। उन्हें सस्ते में कंपनी के प्रोडक्ट बेचने का लालच देकर भरोसे में ले लेता था।
भोपाल. कश्मीर के एक युवक हयात मोहम्मद शौकत ने चाइनीज मैजिक पेन की मदद से भोपाल के चार होटल संचालकों से तीन लाख रुपए ठग लिए। वह उनसे वॉशिंग प्रोडक्ट बनाने वाली कंपनी का सेल्समैन बनकर मिला। उन्हें बेहद सस्ते दाम में सामान सप्लाई करने का लालच दिया। शगुन के तौर पर 1100-1100 रुपए के चेक लिए।
इसी पेन से रकम भरवाई। बाद में माचिस या हेयर ड्रायर की मदद से चेक पर लिखी रकम मिटा दी। उसकी जगह बड़ा अमाउंट भरकर चेक कैश करवा लिया। शौकत को मुंबई की आजाद नगर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। गुरुवार को भोपाल पुलिस ने शौकत को अदालत में पेश कर 29 सितंबर तक रिमांड पर लिया है।
11 हजार की जगह निकाले 2 लाख 30 हजार रुपए
पुलवामा निवासी 44 वर्षीय शौकत गत 18 सितंबर को भोपाल के शालीमार होटल पहुंचा। उसने होटल के पार्टनर विनाेद दत्ता से सामान का ऑर्डर लिया और साथ में 11 हजार रुपए का चेक ले लिया। दत्ता ने शौकत के पेन से ही यह रकम भरी। दत्ता को बाद में पता चला कि चेक में हेरफेर कर उनके खाते से 2 लाख 30 हजार रुपए निकाल लिए गए हैं।
मंगलवारा पुलिस ने मामला दर्ज किया था। चार दिन पहले मुंबई पुलिस ने मुंबई पुलिस एक्ट की धारा 124 के तहत संदिग्ध हालात में घूमते शौकत को हिरासत में लिया था। पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि वह भोपाल सहित कई जगह ऐसे ही वारदातों को अंजाम दे चुका है।
टीवी से मिला आइडिया
शौकत के मुताबिक उसने टीवी पर एक प्रोग्राम में चाइनीज मैजिक पेन का इस्तेमाल देखा था। इसके बाद उसे इस तरीके से ठगी करने की तरकीब सूझी। उसने भोपाल में होटल शालीमार के अलावा होटल सम्राट से 10 हजार, होटल मनप्रीत से 22 हजार और होटल मौर्या से 45 हजार रुपए ठगने की बात कबूल की है।
होटल संगम में उसने कोशिश की थी, लेकिन होटल मालिक ने अपने ही काले पेन से चेक में रकम भर दी, इसलिए शौकत यहां कामयाब नहीं हो पाया था।
यदि किसी पेन की स्याही में ऑर्गेनिक सॉल्वेंट जैसे एसिटोन, ईथर या एल्कोहल जैसे हाइड्रोकार्बन मिला दिए जाएं तो ऐसी स्याही से लिखे अक्षरों का रंग गर्म करने पर उड़ जाता है।'
डॉ. प्रवीण जैन, प्रोफेसर (केमेस्ट्री) भोज विवि
आगे की स्लाइड्स में देखें तस्वीरें.....