पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें

आठ महीने पहले लगाए मीटर, पर स्पॉट बिलिंग अब तक शुरू नहीं

6 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
भोपाल. नगर निगम का अमला शहर के 80 हजार उपभोक्ताओं के नाम, खाता नंबर और मीटर नंबर तीन महीने में भी साॅफ्टवेयर में अपडेट नहीं कर सका। इस कारण पानी की स्पॉट बिलिंग का प्रोजेक्ट अटक गया है।
निगम अमले ने आठ महीने पहले आनन-फानन में इन उपभोक्ताओं के घरों व दुकानों में मीटर लगा दिए थे। लेकिन स्पॉट बिलिंग शुरू नहीं होने से उन्हें चिंता है कि निगम जलदर की एकमुश्त राशि मांगेगा। उधर, लोग मीटर लगने के बाद कम दबाव से पानी आने और मीटर चोरी होने की शिकायत भी कर रहे हैं।

नर्मदा प्रोजेक्ट के डिस्ट्रीब्यूशन नेटवर्क के तहत निगम ने जाेन नंबर 8, 9, 13 और 14 के अंतर्गत विजय नगर से अशोका गार्डन, साकेत नगर व शक्ति नगर में उपभोक्ताओं के घरों व दुकानों में पानी के मीटर लगाए थे। निगम प्रशासन ने दावा किया था कि पहले चरण में 20 नवंबर से स्पॉट बिलिंग शुरू होगी। इसके लिए निगम ने एक फ्रेंचाइजी को काम भी सौंप दिया था, लेकिन बिलिंग का काम अब तक शुरू नहीं हुआ।
नगर निगम प्रशासन को करोड़ों का राजस्व नुकसान
निगम प्रशासन द्वारा यदि एक उपभोक्ता को एक महीने में 100 रुपए का बिल भी दिया जाता तो 80 हजार उपभोक्ताओं से तीन महीने में 2 करोड़ 40 लाख रुपए की राजस्व वसूली हो सकती थी।
परिवार की जरुरत के हिसाब से नहीं मिल रहा पानी
अशोका गार्डन निवासी सीपी पांडे ने बताया कि उनके यहां जब से मीटर लगा है, तब से स्थिति और बिगड़ गई। नलों से कम दबाव से पानी आने लगा है। ऐसे में परिवार की जरूरत के लिहाज से पानी की पूर्ति नहीं हो पा रही है। यही स्थिति यहां के अन्य रहवािसयों की भी है।

सुभाष कॉलोनी के रहवासी एके वासनिक का कहना है कि ग्राउंड फ्लोर पर कम दबाव से पानी आ रहा है। कई रहवासियों ने तो मीटर से जुड़े पाइप को ही निकाल दिया है। इससे उन्हें प्रेशर से पानी मिल रहा है।
कई जगह दिक्कत है, जल्द बिलिंग शुरू होगी
अभी भी कई घरों में मीटर लगाने का काम बाकी है। कई स्थानों पर व्यवहारिक दिक्कत आ रही है। जिसे सुधारने की कोशिश की जा रही है। आगामी 10- 15 दिन में एक फेज में बिलिंग शुरु कर दी जाएगी।''
एआर पंवार, प्रोजेक्ट इंचार्ज, नगर निगम
मीटर चोरी होने से भी परेशान हैं रहवासी
शहर में घरों व दुकानों के बाहर लगाए गए इन मीटरों के चोरी होने की समस्या से कई इलाकों के रहवासी परेशान हैं। पिछले दिनों लालघाटी इलाके के विजय नगर, पद्मनाभ नगर के अलावा अशोका गार्डन, सुभाष नगर, न्यू सुभाष कॉलोनी समेत कई इलाकों में रहवासियों के मीटर चोरी हो गए थे। इनमें से कई लोगों ने पुलिस थानों में शिकायत भी की थी। रहवासियों के सामने यह भी दिक्कत है कि चोरी हुए मीटर के एवज में उन्हें नए मीटर मुहैया नहीं कराए गए हैं। यदि स्पॉट बिलिंग शुरू हो गई तो रहवासी नगर निगम को किस प्रक्रिया के तहत भुगतान करेंगे। इसका जवाब भी निगम अफसरों के पास नहीं है।