भोपाल. सायबर सेल में
फेसबुक पर फर्जी आईडी बनाने आैर उन पर अश्लील कमेंट्स एवं फोटो अपलोड करने की शिकायतें अधिक आ रही हैं। युवतियों की फर्जी फेसबुक आईडी बनाने का काम उनकी सहेलियों या नजदीकी द्वारा करने के मामले भी आ रहे हैं। हाल ही में आए कुछ मामलों में सायबर सेल ने छानबीन की तो आईपी एड्रेस दूसरे देश का निकला।
बेस्ट फ्रेंड व परिचित ने दिया धोखा
कालेज में पढ़ने वाली एक छात्रा ने अपने घर से अपनी सहेली का फेसबुक पर फर्जी अकाउंट बनाकर उस पर अश्लील सामग्री डाल दी। पीड़ित छात्रा ने सायबर सेल में शिकायत की। जांच में सच्चाई सामने आई। छात्रा ने अपने फ्रेंड के साथ मिलकर फर्जी आईडी केवल सहेली से बदला लेने के लिए बनाई थी। पीड़ित छात्रा को इस बात की जरा भी जानकारी नहीं थी कि जो उसकी सबसे अच्छी दोस्त है उसने ऐसा किया होगा।
एक छात्रा ने शिकायत की थी कि फेसबुक पर उसका फर्जी अकाउंट बनाकर अश्लील सामग्री अपलोड की गई है। पड़ताल में सामने आया कि दुबई से फेसबुक पर छात्रा का फर्जी अकाउंट बनाया गया था। दुबई से जिसने फर्जी अकाउंट बनाया था वह पहले उक्त महिला के पड़ोस में रहता था। ऐसे ही एक मामले में छात्रा का फेसबुक अकाउंट आस्ट्रेलिया से बनाया गया था। यह अकाउंट एक छात्रा ने आस्ट्रेलिया में रहने वाले अपने एक परिचित से बनवाया था।
हो सकती है 7 साल तक की सजा
फेसबुक पर फर्जी अकाउंट बनाने पर पुलिस द्वारा आईटी एक्ट की धारा 66 (ए) आैर आईपीसी की धारा 420, 467, 469 आैर 471 के तहत मामला दर्ज किया जाता है। जिसमें अलग-अलग धाराओं में अलग-अलग सजा है। आईटी एक्ट की धारा में कम से कम तीन साल की सजा है। कुल मिलाकर आरोपी को लगभग सात साल की सजा हो सकती है।
75 से ज्यादा एफआईआर
इस साल इंटरनेट से जुड़े मामलों में 75 से ज्यादा एफआईआर सायबर थाने में दर्ज हुई हैं। इनमें फेसबुक पर फर्जी आईडी, हैकिंग, नेटबैंकिंग से धोखाधड़ी आदि के मामले शामिल हैं।
सायबर सेल में शिकायतें
35 नौकरी के नाम पर ठगी
40 लॉटरी के नाम पर
72 अन्य धोखाधड़ी
75 बैंक से संबंधित