पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर
डाउनलोड करेंभोपाल। न्यू कबाडख़ाना स्थित प्लास्टिक का सामान बनाने वाले दो कारखानों में सोमवार देर रात आग लगने से दहशत फैल गई। आग पहले निचले तल पर स्थित कारखाने में लगी थी। इसके बाद आग ने पहली मंजिल पर बने एक अन्य कारखाने को भी अपनी चपेट में ले लिया। गलियां तंग थीं, लिहाजा फायर ब्रिगेड के अमले ने कारखाने के पिछले हिस्से की दीवार तोड़कर सुबह करीब 11 बजे आग पर काबू पाया। बताया जा रहा है कि आग शार्ट सर्किट के चलते लगी थी।
ईदगाह हिल्स निवासी विनोद नागरानी की न्यू कबाडख़ाने की एक बिल्डिंग की पहली मंजिल पर जय प्लास्टोवेयर के नाम से प्लास्टिक की बोतल और डिब्बे बनाने का कारखाना है। निचले तल पर कोहेफिजा निवासी मोहम्मद खालिद भी प्लास्टिक दाने बनाने का काम करते हैं।
घटना की भीषणता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि डेढ़ दर्जन से ज्यादा दमकलों की मदद से करीब १० घंटे में आग पर काबू पाया जा सका। आग से करीब ३0 लाख रुपए के नुकसान का अंदाजा लगाया जा रहा है।
बिना सूचना के चालू कर दी बिजली, बच्ची झुलसी
हादसे की सूचना पर बिजली कंपनी ने इलाके की लाइट बंद कर दी थी, लेकिन मंगलवार सुबह करीब ११ बजे बगैर किसी पूर्व सूचना के उसे बहाल कर दिया गया। बिजली कंपनी की इस लापरवाही का खामियाजा वहां खेल रही ८ वर्षीय निशा को झेलना पड़ा। इससे वह करंट की चपेट में आ गई, जिसे फौरन पास के ही अस्पताल में भर्ती कराया गया।
Copyright © 2021-22 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.