भोपाल. राजधानी से संचालित एक कंपनी ने अलग-अलग राज्यों के बेरोजगारों से लाखों की ठगी कर दी। यहीं के एक युवक ने ग्वालियर की महिला उद्यमी के 39 लाख रुपए हड़प लिए। कोतवाली निवासी एक ठग को पुिलस ने दिल्ली से गिरफ्तार किया। वहीं, सीएम हाउस के बाहर मदद के लिए बैठे बुजुर्ग को युवक ने ठग लिया।
एक हजार बेरोजगार हुए ठगी के शिकार
एमपी नगर और हमीदिया रोड पर कंसल्टेंसी सर्विस कंपनी चलाने वालों ने अलग-अलग राज्याें में लगभग एक हजार बेरोजगारों से करीब 85 लाख रुपए ठग लिए। सी हॉर्स मरीन शिपिंग कंसल्टेंसी कंपनी ने उन्हें फाइव स्टार क्रूज पर नौकरी दिलाने का अाश्वासन दिया। इसके बदले में हर युवक से दो हजार रुपए कंसल्टेंसी फीस और साढ़े छह हजार रुपए की मेडिकल एक्जामिनेशन फीस ली गई। इसके बाद से कंपनी के संचालकों के
मोबाइल फोन स्विच ऑफ हैं। शुक्रवार को अलग-अलग राज्यों से भोपाल आए ऐसे करीब 20 बेरोजगारों ने एमपी नगर थाने में शिकायत की। शिकायत करने वालों में शामिल करतार गुप्ता
जम्मू के रहने वाले हैं। करतार के अनुसार अगस्त में उन्हें कंपनी की ओर से ई-मेल आया था। इसमें नौकरी का आश्वासन दिया गया। उनसे 25 अगस्त को भोपाल आकर इंटरव्यू देने के लिए कहा गया।
करतार ने बताया कि उस तारीख को करीब एक हजार उम्मीदवारों के इंटरव्यू हुए। उनसे पैसे भी लिए गए। इसके बाद सभी को गुजरात स्थित सूरत के अस्पताल में मेडिकल एक्जामिनेशन के लिए भेजा गया। कंपनी ने उम्मीदवारों से कहा कि उन्हें 19 सितंबर को दोबारा भोपाल में रिपोर्ट करना है। करतार के अनुसार इसके बाद उन्होंने कंपनी के एचआर मैनेजर सनत सिंह को फोन लगाया। उनका मोबाइल स्विच ऑफ मिला। दूसरे अफसरों के फोन भी स्विच आॅफ मिले। जब वे भोपाल आए तो दफ्तरों पर ताला मिला। इसके बाद दिल्ली निवासी देव रावत, राजस्थान निवासी जयंत सोनगोनकर, चंडीगढ़ निवासी अमनजीत सिंह समेत 20 से ज्यादा युवाओं ने एमपी नगर पुलिस से इसकी शिकायत की।
महिला ठेकेदार के 39 लाख हड़पे
शाहपुरा पुलिस ने 39 लाख की धोखाधड़ी के मामले में त्रिलंगा के साईंधाम में रहने वाले अभिषेक शर्मा, उसके भाई जय और पिता के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया है। ग्वालियर की रहने वाली नीशू अग्रवाल ने पिछले साल जुलाई में शाहपुरा थाने में दिए आवेदन में कहा था कि वह क्रिकेट आउटफील्ड फीचर्स कंपनी संचालित करती हैं। कंपनी खेल मैदान बनाने का ठेका लेती है। उन्होंने लाइजनिंग के लिए अभिषेक को नौकरी पर रखा था। अभिषेक ने त्रिलंगा स्थित एक बैंक की ब्रांच में कंपनी के नाम से फर्जी खाता खोला। उसमें भाई जय को कंपनी का मालिक बताया। इसके बाद कंपनी के नाम से मिले तमाम चेक इसी खाते में जमाकर रकम निकाल ली। यह रकम करीब साढ़े 39 लाख रुपए है।
दिल्ली में पकड़ाया भोपाल का जालसाज
बेरोजगारों को एमपी टूरिज्म और एयरपोर्ट पर नौकरी दिलाने के नाम पर ठगने वाले रेहान माजिद को कोतवाली पुलिस ने दिल्ली से गिरफ्तार कर लिया है। कोतवाली इलाके में रहने वाले रेहान के खिलाफ 12 सितंबर को मामला दर्ज किया गया था। आरोपी ने नौकरी का झांसा देकर सर्राफा व्यापारी राजेश
सोनी के जरिए लोगों से दो से तीन लाख रुपए तक वसूल लिए थे। इंटरनेट से एमपी टूरिज्म और एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया का मोनो निकालकर उसने फर्जी लेटर हेड तैयार कर लिए। इसके बाद इसी लेटर हेड पर उन्हें ऑफर लेटर भी थमा दिए।
सीएम का भांजा बताकर ठगा
सीएम की जनसुनवाई में आए बुजुर्ग से एक युवक ने 250 रुपए और मोबाइल फोन ठग लिया। आरोपी ने खुद को सीएम का भांजा बताते हुए उनकी मुलाकात सीएम से कराने का झांसा दिया था। ठगी की यह वारदात बनखेड़ी, होशंगाबाद निवासी शंकरलाल अहिरवार के साथ कमला पार्क के पास हुई। शंकर के मुताबिक उन्होंने इंदिरा आवास योजना के तहत लोन का आवेदन किया था। उनका पैसा मंजूर हो गया, लेकिन गांव के सरपंच और सचिव ने रकम अब तक उन्हें नहीं दी है। सुबह करीब साढ़े आठ बजे वे सीएम हाउस के गेट नंबर छह पर बैठे थे। तभी ठिगने कद का युवक स्कूटर से उनके पास आया। उसने खुद को सीएम का भांजा बताया और उन्हें अपने साथ कमला पार्क मोड़ तक ले गया।
यहां आरोपी ने बुजुर्ग के मोबाइल फोन से किसी से बात की। कुछ पैसे मांगे तो उन्होंने 250 रुपए निकाल कर उसे थमा दिए। इसके बाद आरोपी वहां से स्कूटर लेकर भाग निकला। काफी देर इंतजार के बाद भी जब वह नहीं लौटा तो शंकर श्यामला हिल्स थाने पहुंचे और घटना की शिकायत की। पुलिस ने इस मामले में आवेदन लेकर उन्हें चलता कर दिया। मामला एसपी अरविंद सक्सेना की नजर में आने के बाद उनके निर्देश पर पुलिस ने धोखाधड़ी की धाराओं में केस दर्ज किया है।