पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें

अतिक्रमण हटाने पर हंगामा, अतिक्रमण हटाने पहुंचे थे ननि और पुलिस के अधिकारी

6 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
भोपाल. भोपाल टॉकीज के पास बाल विहार रोड पर मंगलवार को अस्थायी अतिक्रमण हटाने के दौरान पुलिस ने लाठीचार्ज कर दिया। अतिक्रमण हटाने के विरोध में व्यापारियों ने नगर निगम अमले की कार्रवाई का विरोध करते हुए वाहनों में तोड़फोड़ कर दी।
नाराज व्यापारियों ने चक्काजाम भी किया, जिन्हें स्थानीय पार्षद और पुलिस की समझाइश के बाद सड़क से हटाया गया। ट्रैफिक व्यवस्था को दुरुस्त करने के मकसद से पुलिस और नगर निगम ने संयुक्त अभियान चलाया था। निगम कर्मचारी की शिकायत पर हनुमानगंज पुलिस ने प्रदर्शनकारियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
एसपी नार्थ अरविंद सक्सेना ने बताया कि भोपाल टॉकीज के पास बाल विहार रोड पर दुकान के सामने अस्थायी अतिक्रमण ट्रैफिक व्यवस्था में बाधा बन रहा था। इसलिए मंगलवार दोपहर करीब 12 बजे हनुमानगंज पुलिस, ट्रैफिक पुलिस और नगर निगम का अमला संयुक्त रूप से अतिक्रमण हटाने पहुंचा।
कार्रवाई की जा रही थी, तभी स्थानीय व्यापारियों ने इसका विरोध करना शुरू कर दिया। नौबत यहां तक आ गई कि नाराज व्यापारी निगम के ड्राइवर सलीम और किशोर मालवीय के साथ झूमाझटकी कर जब्त किया गया सामान वापस खींचने लगे। इस दौरान उन्होंने सरकारी वाहनों में तोड़फोड़ भी की।
पहले समझाया फिर किया लाठीचार्ज
घटना स्थल पर मौजूद पुलिस अफसरों ने व्यापारियों को चेतावनी दी। लेकिन जैसे ही व्यापारियों ने अभद्रता शुरू की तो पुलिस ने लाठीचार्ज कर दिया। इसके विरोध में व्यापारी बाल विहार रोड पर चक्काजाम कर सड़क पर बैठ गए। हंगामे की सूचना पर पार्षद शाहवर मंसूरी भी पहुंच गए। पार्षद और पुलिस अफसरों की समझाइश के बाद व्यापारियों ने चक्काजाम खत्म किया। हालांकि, कार्रवाई के विरोध में उन्होंने देर शाम तक दुकानें बंद रखीं।
व्यापारियों पर दर्ज किया प्रकरण
एसपी सक्सेना ने बताया कि व्यापारियों ने सड़क पर दस फिट तक अतिक्रमण कर रखा था। अतिक्रमण निरीक्षक कमर साकिब की शिकायत पर व्यापारियों समेत बीस के खिलाफ बलवा, सरकारी काम में बाधा सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज किया है।