भोपाल. रसोई गैस सिलेंडर पर मप्र सरकार द्वारा पांच फीसदी वैट और दो फीसदी एंट्री टैक्स लगाया जा रहा है। यहां तक कि डायरेक्ट टैक्स बेनिफिट ट्रांसफर स्कीम के तहत मिल रही सब्सिडी पर भी ये दोनों टैक्स लग रहे हैं। इससे यहां गैस सिलेंडर पड़ोसी राज्यों की तुलना में ९० रुपए तक महंगा मिल रहा है। इस संबंध में दैनिक भास्कर के बुधवार के अंक में 'सबसे महंगा गैस सिलेंडर मप्र में ही क्यों?' शीर्षक से खबर प्रकाशित होने के बाद प्रदेशभर से बड़ी संख्या में लोगों की प्रतिक्रियाएं आई हैं। लोगों का मानना है कि रसोई गैस जैसी रोजमर्रा की जरूरत की चीजों पर इतना टैक्स नहीं लगाया जाना चाहिए। यदि राज्य सरकार को वाकई जनता की फिक्र है तो उसे सिलेंडर पर लगाए जा रहे वैट और एंट्री टैक्स को तुरंत हटाना चाहिए।