भोपाल. ‘दैनिक भास्कर सदैव ही शहर से सरोकार रखता है। इसी कड़ी में उसने जो स्वच्छता अभियान शुरू किया है वह सराहनीय है। स्वच्छता हमारी जीवन शैली का हिस्सा होनी चाहिए। जिस तरह हम नियमित रूप से अपने शरीर की सफाई करते हैं, उसी तरह शहर की सफाई का जिम्मा लेना भी प्रत्येक नागरिक का नैतिक दायित्व है।’
यह बात अखिल विश्व गायत्री परिवार के मुखिया डॉ. प्रणव पंड्या ने रविवार को दैनिक भास्कर से चर्चा में कही। वे यहां गायत्री मंदिर में आयोजित कार्यक्रमों में शामिल होने आए थे। अपने तीन दिवसीय प्रवास के बाद वे शाम को हरिद्वार रवाना हो गए।
डॉ. पंड्या ने कहा कि दैनिक भास्कर ने स्वच्छता अभियान प्रारंभ कर नगर निगम चुनाव के समय जन प्रतिनिधियों से शहर को गंदगी से मुक्त कराने का जो संकल्प दिलाया है, वह सराहनीय है। मैं इस अभियान में खुद को भी भागीदार बनना चाहता हूं।
आवश्यकता पड़ने पर इसमें शामिल होने फिर भोपाल आऊंगा। भोपाल सुंदर शहर है, यहां सफाई और पर्यावरण शुद्धि की ओर अधिक ध्यान देने की जरूरत है। राज्य सरकार और स्वयंसेवी संगठनों को इस दिशा में ठोस पहल करनी होगी।
हम गंगा को बचा रहे हैं
उन्होंने कहा कि गायत्री परिवार द्वारा गंगा की सफाई का अभियान शुरू किया गया है। हरिद्वार और जिन शहरों से गंगा होकर गुजरी है, वहां गायत्री परिवार के लोग उसे मैली होने से बचा रहे हैं।