(अक्षिता अय्यर सतीश की बेटी, बीएसएसएस में बीबीए की छात्रा)
भोपाल. शक्ति नगर में शनिवार-रविवार की दरमियानी रात जनगणना निदेशालय के डिप्टी डायरेक्टर सतीश अय्यर के घर में घुसे चोर को खाली हाथ भागना पड़ा। चोर को सबसे पहले सतीश की बेटी अक्षिता ने देखा और घरवालों को इसकी सूचना दी। वारदात के दौरान उसने डिप्टी डायरेक्टर और उनके भाई पर चाकू से जानलेवा हमला भी किया। इसमें दोनों भाइयों को चोटें आई हैं। उन्हें तुरंत कस्तूरबा अस्पताल ले जाया गया। हमले में घायल बड़े भाई की हालत नाजुक बताई जा रही है।
सेक्टर टू के मकान नंबर 357-सी में सतीश अय्यर ग्राउंड फ्लोर पर रहते हैं। वे जनगणना निदेशालय में डिप्टी डायरेक्टर हैं। फर्स्ट फ्लोर पर उनके बड़े भाई रमेश रहते हैं। वे मप्र पॉवर ट्रांसमिशन कंपनी में असिस्टेंट इंजीनियर हैं। तड़के करीब तीन बजे घर में चोर के घुसने की जानकारी होते ही पहले सतीश और फिर रमेश हथियारबंद चोर से भिड़ गए।
नकाबपोश चोर के पास दो बड़े चाकू थे। सतीश ने डंडा लेेकर चोर पर हमला किया तो उसने उनके हाथ में चाकू मार दिया। इसके बाद रमेश निहत्थे ही उस पर टूट पड़े। चोर ने उनके हाथ और पेट पर चाकू से वार किए और बालकनी से कूदकर भाग निकला।
वह कुंदा तोड़कर भीतर आ चुका था
रात के करीब तीन बजे थे। मैं ड्राइंग रूम में पढ़ाई कर रही थी। तभी दरवाजे पर हल्की आहट सुनाई दी। मैंने देखा दरवाजे का कुंदा तोड़कर एक नकाबपोश हाथ में चाकू लिए कमरे में खड़ा है। मैंने बिना देर किए मां (मीनाक्षी) को जगाया। मां ने पापा को जगाया और फर्स्ट फ्लोर पर रहने वाले मेरे ताऊजी को फोन पर सारी बात बताई। इस बीच चोर रसोई में जाकर छुप गया था। पापा ने बाहर निकलने को कहा। उन्होंने जैसे ही चोर को डंडा दिखाकर घेरने की कोशिश की, उसने चाकू निकाल लिया और बोला- ""हट जा मेरे रास्ते से नहीं तो तुझे मार डालूंगा।'' लेकिन पापा बिल्कुल भी नहीं डरे। वे जैसे ही उसकी ओर लपके चोर ने चाकू से उन पर हमला कर दिया। उसने उनके बाएं हाथ पर चाकू मारा और भाग निकला।''
पेट में चाकू मारकर बालकनी से लगा दी छलांग
सतीश ने बताया कि उन्हें घायल करने के बाद चोर सीढ़ियों से होता हुआ फर्स्ट फ्लोर पर जा पहुंचा। बालकनी में उसे बड़े भाई रमेश ने घेर लिया। इस पर चोर ने उनके हाथ व पेट पर चाकू से वार किए। फिर उसने बालकनी से गार्डन में छलांग लगा दी और गेट से होता हुआ भाग निकला। परिजनों ने खून से लथपथ रमेश और सतीश को कस्तूरबा अस्पताल पहुंचाया। सतीश को प्राथमिक उपचार देने के बाद डॉक्टरों ने रमेश को नर्मदा अस्पताल रैफर कर दिया, जहां उनकी हालत गंभीर है।
दो बड़े चाकू और रॉड थी चोर के पास
अक्षिता के मुताबिक मुंह पर काला कपड़ा लपेटे चोर के पास दो बड़े चाकू और लोहे की एक रॉड थी। पहली मंजिल पर हुए संघर्ष में उसके दोनों चाकू, नकाब और रॉड बालकनी में ही गिर गई। सूचना के आधे घंटे बाद गोविंदपुरा पुलिस मौके पर पहुंची। घटनास्थल पर जगह-जगह खून बिखरा था।
कमजोर गश्त के कारण बढ़ी चोरों की हिम्मत
सतीश ने बताया कि क्षेत्र में पहले भी कई चोरियां हो चुकी हैं। इसके बाद भी गोविंदपुरा पुलिस ने यहां गश्त नहीं बढ़ाई। कमजोर गश्त का ही नतीजा है कि बदमाश घर में घुस गया। गोविंदपुरा थाना क्षेत्र में आने वाला यह इलाका शक्ति नगर-साकेत नगर बीट कहलाता है। इसके प्रभारी सब इंस्पेक्टर जेके परिहार हैं।
"घटनाक्रम से लगता है कि बदमाश प्रोफेशनल था। उसने कुछ सुराग छोड़े हैं। इनके आधार पर उसकी तलाश की जा रही है। उसे जल्द ही पकड़ लिया जाएगा।'' - अंशुमान सिंह, एसपी साउथ
आगे की स्लाइड्स में देखें घटना की तस्वीरें...