पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें

नेशनल गेम्स में मध्यप्रदेश का अर्धशतक, 13 स्वर्ण, 13 रजत और 24 कांस्य हुए

6 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
भोपाल. मप्र के खिलाड़ियों का स्वर्णिम प्रदर्शन जारी है। 35वें नेशनल गेम्स में सोमवार को मप्र ने सात पदक और जीते। इसमें दो स्वर्ण, तीन रजत और दो कांस्य शामिल हैं। मप्र अब
तक 13 स्वर्ण, 13 रजत और 24 कांस्य सहित कुल 50 पदक जीत चुका है। वह पदक तालिका में छठवें स्थान पर बरकरार है।

सोमवार को मप्र ने दोनों स्वर्ण केनोइंग में जीते। के-4 1000 मी. में मप्र की राजेश्वरी कुशराम, नमिता चंदेल, नाजिस मंसूरी और अंजलि वशिष्ट की चौकड़ी ने दिन का पहला स्वर्ण जीता। जबकि दूसरा स्वर्ण भी पानी से ही आया। सी-2 1000 मी. महिला में इनाओ देवी और कीर्ति केवट ने यह सफलता अर्जित की। के-2 1000 मी. में मप्र को रजत से संतोष करना पड़ा।
सोनिया राणा और ननाओ देवी की जोड़ी दूसरे स्थान पर रही। कयाकिंग से एक कांस्य पदक भी आया। यह पदक सोनिया देवी ने के-1 1000 मी. में जीता। स्वेक्षा जाटव ने वूशु के नान क्वान में रजत जीता। एक अन्य कांस्य ट्रॉयथलान में आरती, नेहा और हीनू ने जीता। एक रजत हाई जंप में मल्लिका मंडल ने दिलाया।
दीपिका का ‘गोल्डन डबल’
स्टार तीरंदाज दीपिका कुमारी ने 35वें नेशनल गेम्स में सोमवार को दो स्वर्ण पदकों पर निशाना साधा। जबकि गत चैंपियन सेना ने इसी दिन इन खेलों में अपना स्वर्णिम अर्धशतक पूरा किया। सेना 50 स्वर्ण, 16 रजत और 15 कांस्य सहित कुल 81 पदक जीतकर तालिका में चोटी पर कायम है। महाराष्ट्र (27 स्वर्ण, कुल 93 पदक) दूसरे और हरियाणा (27 स्वर्ण, कुल 52 पदक) तीसरे स्थान पर हैं। झारखंड ने सोमवार को तीरंदाजी में दांव पर लगे तीन में से दो स्वर्ण जीत लिए।
दीपिका ने मिक्स्ड डबल्स के अलावा रिकर्व टीम स्पर्धा का स्वर्ण जीता। मिक्स्ड डबल्स में उन्होंने जयंत तालुकदार की जोड़ी के साथ मिलकर मणिपुर की लैशराम बोम्बायला देवी और सनाथोम्बा सिंह थियम को हराया। रिकर्व स्पर्धा में दीपिका, लक्ष्मी रानी और रीना कुमारी की तिकड़ी ने स्वर्ण जीता।

जैश ने मीट रिकाॅर्ड के साथ जीता 5000 मी. का स्वर्ण : केरल की ओपी जैशा ने महिलाओं की 5000 मी. दौड़ का स्वर्ण 15 मिनट 30 सेकंड के नए मीट रिकाॅर्ड के साथ जीता। उन्होंने महाराष्ट्र की कविता राव का 15.54 मिनट का पिछला रिकाॅर्ड तोड़ा। महाराष्ट्र की ललिता बाबर ने रजत और स्वाति ने कांस्य जीता।

साजन लामा ने वुशू में जीता स्वर्ण : वुशू (ताउलू) में सेना के साजन लामा ने 9.03 अंकों के साथ स्वर्ण पदक जीता। मणिपुर के पुंशिबा मायेंगालम्बम ने रजत और झारखंड के दीपक बहादुर ने कांस्य जीता। महिला वर्ग का स्वर्ण मणिपुर की एल सानातोम्बी देवी और मध्य प्रदेश की रीता देवी को संयुक्त रूप से मिला। दोनों के 9.56 अंक रहे। मध्य प्रदेश की साक्षी वैद्य ने रजत और झारखंड की मिनी मुंडा ने कांस्य जीता।
लक्ष्मणन ने 5000 मी. में बनाया नया मीट रिकाॅर्ड : सेना के धावक जी. लक्ष्मणन ने पुरुषों की 5000 मी. दौड़ में 13 मिनट 50.05 सेकंड का समय लेकर सोना अपने नाम किया। उन्होंने केरल के सोजी मैथ्यू का 14 मिनट 11.99 सेकंड का पिछला रिकाॅर्ड तोड़ा। महाराष्ट्र के मोहम्मद यूनुस ने रजत और सेना के मान सिंह ने कांस्य जीता।