भोपाल. कोलार से होकर गुजरी कलियासोत नदी के ग्रीन बेल्ट के संरक्षण को लेकर उसके 33 मीटर के दायरे में निर्माण पर रोक लगाने के बाद अब नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल (एनजीटी) ने जागरूकता अभियान चलाने के लिए निर्देश जारी किए हैं। हाल ही में हुई सुनवाई में एनजीटी ने नगर पालिका को कहा कि सिर्फ नदी के किनारे बोर्ड लगाने से काम नहीं चलेगा।
जागरूकता अभियान भी चलाना होगा। गौरतलब है कि मंदाकिनी सोसायटी के रहवासियों ने नदी के ग्रीन बेल्ट पर प्लाट काट कर किए जा रहे निर्माण के विरोध में चार महीने पहले एनजीटी में एक याचिका दायर की थी। जिसकी सुनवाई करते हुए एनजीटी ने उस समय प्लाट काटने व निर्माण पर रोक लगा दी थी।
जिम्मेदार कौन
कोलार से होकर गुजरी कलियासोत नदी के ग्रीन बेल्ट में अवैध निर्माण के मामले को लेकर एनजीटी का रुख काफी सख्त रहा है। उसी की बदौलत नदी के संरक्षण की दिशा में पहल शुरू हुई है, लेकिन उन जिम्मेदार एजेंसियों के अधिकारियों पर अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है, जिनके रहते अवैध निर्माण हुए।
चाहे टीएंडसीपी हो नजूल हो या फिर नगर पालिका के अधिकारी किसी के अभी अधिकारियों ने अवैध निर्माण को रोकने के लिए अपने-अपने स्तर पर कोई प्रयास नहीं किया। यदि समय रहते अधिकारी अपना काम करते, तो नदी को अतिक्रमण और अवैध निर्माण से बचाया जा सकता था।