भोपाल. कोलार के नगर निगम में शामिल होने की रहवासियों की बरसों पुरानी हसरत आखिरकार पूरी हो गई है। पिछले दिनों हुए गजट नोटीफिकेशन के बाद कोलार अब औपचारिक रूप से नगर निगम का हिस्सा हो गया है। उसमें नगर निगम के वार्ड बनाने के लिए परिसीमन भी हो गया है। साल के अंत में नगर निगम के चुनाव के मद्देनजर बड़ी तेजी से परिसीमन का काम हुआ है।
कोलार में नपा क्षेत्र की सीमा में स्थित कॉलोनी व गांवों को मिलाकर कोलार में निगम के पांच वार्ड बनाए गए हैं। इनको वार्ड निगम में वार्ड 80, वार्ड 81, वार्ड 82, वार्ड 83 और वार्ड 84 नंबर दिया गया है। वार्ड 80 में कोलार नपा के वार्ड 4, 5, 6, 7, 8 और 9 को मर्ज किया है। वार्ड 81 में वार्ड 1, 5, 9, 16, 17, 22 और निगम के पुराने वार्ड 33 के हिस्से को मिलाया गया है। वहीं वार्ड 82 में नपा के वार्ड 1, 2, 3, 10, 11 और 12 को मिलाया है।
वार्ड 83 में नपा के वार्ड 13, 14, 15, 18, 19, 20 को शामिल किया गया है। इसी तरह वार्ड 84 में नपा के वार्ड 21, 23, 25 और रतनपुर सड़क ग्राम पंचायत सहित अन्य चार ग्राम पंचायत को मिलाया गया है। इनमें से तीन वार्ड की आबादी 20 हजार से ज्यादा और दो वार्ड की आबादी 15-15 हजार से ज्यादा है। वहीं, विलय को लेकर कोलार रहवासी विकास समिति ने पिछले दिनों सांसद आलोक संजर और पूर्व सांसद कैलाश जोशी का अभिनंदन किया है।