पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • Madhya Pradesh Cader IPS Officer Will Be DGP Chhatisgarh

मप्र कैडर के आईपीएस अफसर डॉ. आनंद कुमार बन सकते हैं छत्तीसगढ़ के डीजीपी

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक

भोपाल. मध्य प्रदेश कैडर के भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) के अफसर डॉ. आनंद कुमार छत्तीसगढ़ के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) बन सकते हैं। गृह मंत्रालय ने मप्र सरकार से डॉ. कुमार की सेवाएं छग सरकार को सौंपने के लिए सहमति मांगी है। माना जा रहा है कि राज्य सरकार एक-दो दिन में सहमति केंद्र सरकार को भेज देगी। ऐसा होता है तो डॉ. कुमार प्रदेश के पहले ऐसे अफसर होंगे, जो किसी अन्य राज्य में शीर्ष पद पर पदस्थ किए जाएंगे। वे मार्च 2013 से केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर हैं और वर्तमान में इंटेलीजेंस ब्यूरो (आईबी) में ज्वाइंट डायरेक्टर के पद पर कार्यरत हैं।

मंत्रालय सूत्रों ने बताया कि गृह मंत्रालय का एक पत्र सोमवार को मुख्य सचिव अंटोनी जेसी डिसा को मिला है, इसमें 1981 बैच के आईपीएस अफसर डॉ. कुमार की सेवाएं छत्तीसगढ़ सरकार को दिए जाने के लिए सहमति मांगी गई है। उल्लेखनीय है कि छत्तीसगढ़ के मुख्य सचिव ने पिछले सप्ताह गृह मंत्रालय को पत्र लिखकर कर डॉ. कुमार की सेवाएं मांगी थी। इधर गृह विभाग का कहना है कि मुख्यमंत्री की अनुशंसा मिलने के बाद गृह मंत्रालय को सहमति पत्र भेजा जाएगा। बताया जाता है कि छग के पुलिस प्रमुख रामनिवास के 31 जनवरी को रिटायर होने के बाद डॉ. कुमार उनकी जगह ले सकते हैं। हालांकि छग के आईपीएस अफसर डॉ. कुमार की पदस्थापना को लेकर विरोध कर रहे हैं। दरअसल वे छग कैडर के ही किसी अफसर को शीर्ष पद पर पदस्थ करने के पक्ष में हैं।