(ज्योति टाॅकीज चौराहे पर शाम करीब सवा चार बजे संतोष सैनी टावर पर जा चढ़ा और आत्महत्या की धमकी देने लगा।)
भोपाल. ज्योति टॉकीज चौराहे पर शनिवार की शाम उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक युवक वहां लगे 60 फीट ऊंचे टावर पर चढ़ गया। उसने धमकी दी कि वह नगर निगम के अतिक्रमण विरोधी अमले के प्रभारी अधिकारी से परेशान होकर आत्महत्या कर रहा है। यह घटनाक्रम करीब डेढ़ घंटे तक चला। इस दौरान चौराहे पर बड़ी संख्या में भीड़ इकट्ठा हो गई। इसके चलते ट्रैफिक जाम की स्थिति बन गई। बोर्ड ऑफिस से लेकर चेतक ब्रिज के कस्तूरबा नगर वाले छोर तक सैकड़ों वाहन फंस गए। युवक तब नीचे उतरा, जब निगम परिषद अध्यक्ष कैलाश मिश्रा ने आश्वासन दिया कि उसे परेशान करने वाले अधिकारी को सस्पेंड कर दिया जाएगा।
विकास नगर निवासी 34 वर्षीय संतोष सैनी शाम करीब सवा चार बजे ज्योति चौराहे के डिवाइडर पर लगे पुलिस के टावर पर चढ़ गया। संतोष चिल्ला रहा था कि वह अतिक्रमण विरोधी अमले के प्रभारी अधिकारी सुभाष बाथम से परेशान है और कूदकर जान दे देगा। यह देखकर लोगों में सनसनी फैल गई।
पत्नी फोन पर करती रही नीचे उतरने की मिन्नतें
कुछ ही देर में पुलिस और फायर ब्रिगेड का अमला वहां पहुंच गया। संतोष की पत्नी अौर बहन भी आ गईं। उन्होंने ट्रैफिक पुलिस के माइक के जरिए संतोष से नीचे उतर आने की अपील की। वह नहीं माना। फिर पत्नी ने
मोबाइल फोन से उससे बात की। वह रोती हुई उससे नीचे उतरने की मिन्नतें करती रही। इस पर संतोष नीचे उतरने लगा। इसी समय कुछ लोगों ने उसे पकड़ने की कोशिश की तो वह दोबारा ऊपर चढ़कर बैठ गया। नीचे फायर ब्रिगेड ने लोगों की मदद से रस्सी का जाल बिछा दिया था, ताकि संतोष के गिरने पर उसे बचाया जा सके।
बाद में, नगर निगम परिषद के अध्यक्ष कैलाश मिश्रा वहां पहुंचे। उन्होंने पुलिस के माइक के जरिए संतोष को आश्वासन दिया कि उसे परेशान करने वाले नगर निगम के अतिक्रमण अधिकारी सुभाष बाथम को सस्पेंड किया जाएगा। इसके बाद शाम करीब साढ़े पांच बजे संतोष नीचे उतर आया। पुलिस उसके खिलाफ आत्महत्या के प्रयास का मामला दर्ज करना चाहती थी, लेकिन मिश्रा के अनुरोध पर उसने ऐसा नहीं किया। मिश्रा ने मीडिया से कहा कि निगम परिषद की बैठक में बाथम को सस्पेंड करने का निर्णय लिया जाएगा।
आगे की स्लाइड्स में देखें घटना की तस्वीरें.....
फोटो. अनिल दीक्षित