भोपाल. मैनिट के हॉस्टल में एक बार फिर रैगिंग का आरोप लगा है। अज्ञात छात्र ने सोमवार को नेशनल एंटी रैगिंग कमेटी में इसकी ऑनलाइन शिकायत की है। उसका कहना है कि सीनियर्स देर रात जूनियर्स को पैंट उतारकर नाचने के लिए मजबूर करते हैं। मना करने पर उनके साथ मारपीट करते हैं। शिकायत करने वाले ने खुद को मैकेनिकल इंजीनियरिंग डिपार्टमेंट में फर्स्ट सेमेस्टर का छात्र बताया है।
हेल्पलाइन ने शिकायत मिलने के बाद इसकी सूचना मैनिट प्रबंधन और कमला नगर थाना पुलिस को दी है। मैनिट के डायरेक्टर प्रो. अप्पू कुट्टन ने बताया कि उन्होंने यह मामला प्रॉक्टोरियल बोर्ड को सौंप दिया है। संस्थान में इस साल रैिगंग की यह छठवीं शिकायत है।
स्कॉलरशिप का फैसला एनआईटी काउंसिल पर
मैनिट में आरक्षित वर्ग के 1400 छात्रों की स्कॉलरशिप का फैसला अब नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी काउंसिल करेगी। सोमवार को हुई संस्थान की बोर्ड ऑफ गवर्नर की बैठक में यह फैसला हुआ। इस वर्ग के छात्रों की शिकायत है कि छूट के बावजूद मैनिट ने उनकी स्कॉलरशिप आने में देरी होने के कारण उनसे अलग से टयूशन फीस जमा करा ली थी।