पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • Market Square Traffic Infraction Feeling

सड़क पर दुकानों के अतिक्रमण से लग रहा चौक बाजार में ट्रैफिक जाम

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
भोपाल. चौक बाजार, सर्राफा, मारवाड़ी रोड, इतवारा और पीरगेट पर जाम व्यापारियों के अतिक्रमण के कारण लग रहा है। इन क्षेत्रों में कई व्यापारियों ने अपनी-अपनी दुकानों को पांच-पांच फीट तक आगे बढ़ा रखा है। इसके बाद जो सड़क बचती है, उस पर ठेला कारोबारियों का अतिक्रमण है। इसका खामियाजा न सिर्फ व्यापारियों को, बल्कि यहां के रहवासियों को भुगतना पड़ रहा है।
इसकी पुष्टि विभिन्न व्यापारी एसोसिएशन के प्रमुख भी कर रहे हैं। ट्रैफिक जाम से निजात दिलाने की खातिर यहां के व्यापारी पूर्व में यूनानी शफाखाना और उसके नजदीक अलग से पार्किंग बनाने का प्रस्ताव जिला प्रशासन को दे चुके हैं।
श्रीसर्राफा एसोसिएशन के अध्यक्ष जयमोहन अग्रवाल ने बताया कि क्षेत्र की सड़कों पर लगने वाले ट्रैफिक जाम का असर कारोबार पर पड़ रहा है। इसके चलते कई व्यापारियों ने सर्राफा से दुकानें नए शहर में शिफ्ट कर ली है, जबकि कुछ शिफ्ट करने का प्लान बना रहे हैं। वहीं, चौक बाजार व्यापारी संघ के उपाध्यक्ष अभिषेक जैन ने कहा कि बाजार में लगने वाले ठेलों को व्यवस्थित करने से ट्रैफिक जाम से निजात मिल सकती है।
ऑटो रिक्शा की नो-एंट्री
कपड़ा व्यापारी संघ चौक बाजार के अध्यक्ष श्याम बाबू अग्रवाल ने बताया कि ट्रैफिक जाम को खत्म करने के लिए जिला प्रशासन को सुबह 11 बजे से रात 9 बजे तक बाजारों में ऑटो रिक्शा के प्रवेश पर रोक लगानी चाहिए।
इसके अलावा यूनानी शफाखाना और उसके नजदीक पार्किंग बनाए जाने से काफी सुविधा होगी। इससे 50 फीसदी ट्रैफिक जाम खत्म हो जाएगा। वहीं, प्रशासन सड़क पर अतिक्रमण कर दुकान के बढ़ाए गए हिस्से को हटवा दें तो काफी जगह निकल आएगी।