पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर
डाउनलोड करेंभोपाल. मेडिक्लेम और मोटर इंश्योरेंस के लिए आपको एजेंट या फिर बीमा कंपनी के ऑफिस जाने की जरूरत नहीं। आप किसी भी एमपी ऑनलाइन के कियोस्क में जाकर ये पॉलिसी हासिल कर सकेंगे। दरअसल, पिछले दिनों मध्यप्रदेश सरकार के आईटी डिपार्टमेंट और देश की सबसे बड़ी सामान्य बीमा कंपनी न्यू इंडिया एश्योरेंस के बीच एक करार हुआ है। इसके तहत एमपी ऑनलाइन के प्रदेशभर में फैले 12000 कियोस्क पर न्यू इंडिया एश्योरेंस की पॉलिसी मिल सकेंगी।
प्रदेश सरकार के अनुसार बीमा प्रॉडक्ट की बिक्री करने के लिए सभी कियोस्क संचालकों का एक ट्रेनिंग कार्यक्रम भी २६ जनवरी के बाद शुरू होगा। विशेषज्ञों की मानें तो यह प्रयास दोनों ही पक्षों के लिए एक लाभ का सौदा साबित होगा। जहां प्रदेश सरकार इसके जरिए पूरे प्रदेश में फैले कियोस्क संचालकों के लिए आय अर्जित करने का एक माध्यम उपलब्ध कराएगी, वहीं न्यू इंडिया एश्योरेंस की पहुंच भी पूरे प्रदेश में हो जाएगी। इस पूरे मामले से जुड़े सूत्रों के अनुसार अगले छह हफ्तों में यह सुविधा एमपी ऑनलाइन पर उपलब्ध होगी।
टीसीएस तैयार कर रही सॉफ्टवेयर
टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेस (टीसीएस) एमपी ऑनलाइन और न्यू इंडिया एश्योरेंस दोनों को ही सॉफ्टवेयर सपोर्ट उपलब्ध कराती है। अब वह एक साझा सॉफ्टवेयर तैयार कर रहा है। इसकी मदद से कियोस्क संचालक मेडिक्लेम की पॉलिसी देने के लिए जरूरी ट्रांजेक्शन कर सकेंगे। इस सिलसिले में इस हफ्ते न्यू इंडिया एश्योरेंस की टीसीएस के साथ अहम बैठक कोलकाता में होने जा रही है।
शुरुआत में केवल तीन-चार प्रोडक्ट
देश की सबसे बड़ी बीमा कंपनी न्यू इंडिया एश्योरेंस करीब 55 प्रकार के बीमा उत्पादों की बिक्री करता है। एमपी ऑनलाइन के चेयरमैन प्रमोद भार्गव कहते हैं कि शुरुआत में एमपी ऑनलाइन के जरिए मेडिक्लेम व मोटर इंश्योरेंस समेत तीन-चार उत्पाद ही मिलेंगे। बाद में इसमें फसल बीमा समेत दूसरे उत्पादों को लाया जा सकता है। इन बातों पर अभी चर्चा होनी बाकी है
आय बढ़ाने के हो रहे उपाय
हम लगातार कोशिश कर रहे हैं कि लोगों को सुविधाएं मिलने के साथ ही एमपी ऑनलाइन के कियोस्क संचालकों की आय में इजाफा हो। इसी के तहत हमने न्यू इंडिया एश्योरेंस से करार किया है। आने वाले दिनों में हम बैंकिंग सेवाओं के लिए भी इस तरह के करार सकते हैं।
हरिरंजन राव, प्रमुख सचिव (आईटी), मप्र सरकार
Copyright © 2021-22 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.