भोपाल. उपनगर की सर्वजन कॉलोनी में लघु नल जल योजना की पाइप लाइन बिछाने के लिए सड़क की खुदाई कर दी गई है। खुदाई से निकली मिट्टी बारिश के पानी के साथ सड़क पर जमा हो रही है। उससे कीचड़ हो गया है। रहवासियों को आवागमन में तकलीफ हो रही है। कीचड़ के चलते वाहन निकलना व खड़ा करना भी दूभर हो गया है। कुछ घरों के तो बिल्कुल दहलीज पर मिट्टी का ढेर लग गया है, उनका बाहर निकलना मुश्किल हो रहा है।
रहवासियों का कहना है कि पाइप लाइन डालने के लिए की गई खुदाई में जो मिट्टी निकली है, उसका ढेर लगाने के बजाए उसे ठीक से सेट किया जाना चाहिए। साथ ही जहां पर कीचड़ हो रहा है, वहां डस्ट डलवा दी जानी चाहिए ताकि वाहन फंसे या स्लिप न हों और लोगों को पैदल चलने में भी दिक्कत न आए।
हालांकि नपा के अधिकारी इस समस्या का समाधान करने की बातें कर रहे हैं। नपा के सहायक यंत्री आशीष मार्तंडे का कहना है कि बारिश होने से कीचड़ हो गया था। ठेकेदार को मिट्टी हटाने के लिए कहा गया है। इसके अलावा जहां भी ज्यादा समस्या है, वहां डस्ट डलवा रहे हैं। उसके लिए एक-दो दिन में हमें स्वीकृति मिल जाएगी।
(सर्वजन कॉलोनी में घरों के सामने इस तरह मिट्टी का ढेर लग गया है)