पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें

शहर में 20 नए स्थानों पर बनेंगी मल्टीलेवल पार्किंग, ट्रैफिक पुलिस का प्रस्ताव मंजूर

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
भोपाल. शहर में 20 स्थानों पर मल्टीलेवल पार्किंग बनाई जाएगी। ट्रैफिक पुलिस के इस आशय के प्रस्ताव को जिला योजना समिति ने मंजूरी दे दी है। समिति ने नगर निगम को पार्किंग की योजना बनाने के निर्देश दिए हैं। निगम इसके तहत न्यू मार्केट और एमपी नगर में नवंबर से, जबकि बैरागढ़ में अक्टूबर से काम शुरू करेगा।
ट्रैफिक पुलिस के मुताबिक शहर में 70 फीसदी गाड़ियों की पार्किंग सड़क पर होती है। इसके चलते आए दिन सड़कों पर ट्रैफिक जाम की स्थिति बनती है। इसे नियंत्रित करने के लिए ही पार्किंग के नए स्थान चिह्नित किए गए हैं। शहर में फिलहाल मोती मस्जिद और इब्राहिमपुरा टंकी के पास मल्टीलेवल पार्किंग है।
न्यू मार्केट, एमपी नगर में नवंबर से शुरू होगा काम : न्यूमार्केट और एमपी नगर में करीब 75 करोड़ रुपए से मल्टीलेवल पार्किंग बनाई जाएगी। इसके लिए निगम ने टेंडर जारी कर दिए हैं। 25 सितंबर को इन्हें खोलने के बाद अक्टूबर में परिषद से इसकी मंजूरी ली जाएगी।
एमपी नगर में छह मंजिला होगी पार्किंग
एमपी नगर में दस मंजिला पार्किंग के निर्माण पर करीब 120 करोड़ रुपए की लागत आ रही है। लिहाजा, निगम ने लागत कम करने के लिए छह मंजिला पार्किंग का फैसला लिया है। इसकी लागत 48 करोड़ रुपए आएगी। इसमें 1500 फोर व्हीलर और 1200 टू व्हीलर गाड़ियां पार्क करने की क्षमता रहेगी।
बैरागढ़ का काम अक्टूबर से
बैरागढ़ में सब्जी मंडी की जमीन पर निगम करीब 16 करोड़ रुपए की लागत से मल्टीलेवल पार्किंग बनाएगा। अक्टूबर में इसका काम शुरू होगा। पांच मंजिला इमारत में 250 फोर व्हीलर और 200 टू व्हीलर वाहन पार्क किए जा सकेंगे।
इन इलाकों में पार्किंग का है प्रस्ताव
>न्यू मार्केट में कम्युनिटी हाॅल का मैदान, दशहरा मैदान के सामने खाली जमीन।
>मानसरोवर कॉम्प्लेक्स के सामने।
>रवींद्र भवन के पीछे खाली जमीन के आधे भाग में
>एमपी नगर चौराहे पर होटल रेसीडेंसी के सामने।
>बिट्टन मार्केट दशहरा मैदान का कुछ भाग।
>बोट क्लब पर होटल रंजीत के पास वर्तमान पार्किंग स्थल
>भारत टॉकीज रोड पर पीडब्ल्यूडी मैदान।
>हमीदिया रोड पर गुरबख्श की तलैया में खाली जमीन
>पुरानी तहसील के वर्तमान पार्किंग स्थल पर
>नगर निगम मुख्यालय के सामने पार्किंग स्थल पर ही
>जीएमसी के वर्तमान पार्किंग स्थल पर
>10 नंबर के पेड पार्किंग स्थल पर
>मनीषा मार्केट के सामने शाहपुरा झील के पास
>इतवारा में मछली मार्केट के पास
>जुमेराती पोस्ट आॅफिस के पास खाली जमीन पर
>बैरागढ़ में स्टेडियम के किनारे एक भाग पर
>हलालपुरा बस स्टैंड की पीछे खाली जमीन
>बैरसिया रोड पर भोपाल टॉकीज व सिंधी काॅलोनी के बीच आैकाफ की जमीन।
>काजी कैंप क्षेत्र से गौतम नगर के बीच पेट्रोल पंप के पास खाली मैदान।
>जिंसी चौराहा- स्लाटर हाउस के सामने मौजूद खाली शासकीय जमीन।
तीन जगह जल्द शुरू होगा काम
"न्यू मार्केट, एमपी नगर और बैरागढ़ का काम जल्द शुरू होगा। इसके बाद शहर में अन्य स्थानों पर मल्टीलेवल पार्किंग के लिए प्रस्ताव बनाए जाएंगे।’’ - एके नंदा, नगर यंत्री, नगर निगम
पार्किंग की समस्या हो सकेगी खत्म
"20 स्थानों पर मल्टीलेवल पार्किंग के लिए जगह चिह्नित कर प्रस्ताव दिया गया है। इनके बनने से शहर में पार्किंग की समस्या खत्म हो सकेगी।’’ - एमके जैन, डीएसपी, ट्रैफिक