पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें

नगर निगम चुनाव: महापौर आरक्षण की कवायद शुरू 15 अक्टूबर तक होगी लॉटरी

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
भोपाल. राजधानी समेत प्रदेश के 377 नगरीय निकाय के नवंबर-दिसंबर में होने वाले चुनावों के लिए राज्य शासन ने महापौर और नगर पालिका अध्यक्ष पद को आरक्षित करने की कवायद शुरू कर दी है। शासन ने सभी नगर निगम, नगर पालिका और नगर परिषदों से परिसीमन के बाद आबादी के आंकड़े बुलाए हैं।
इन आंकड़ों के आधार पर अनुसूचित जाति (एससी) और अनुसूचित जनजाति (एसटी) का आरक्षण किया जाएगा। इसके बाद बचे हुए निकायों में लाॅटरी के जरिए अन्य पिछड़ा वर्ग और महिलाओं के लिए नगरीय निकाय आरक्षित किए जाएंगे। संभवत: 15 अक्टूबर तक आरक्षण के लिए लाॅटरी निकाली जाएगी।
नगरीय विकास एवं पर्यावरण विभाग के मुताबिक परिसीमन की वजह से वर्ष 2011 की जनगणना में शहरी आबादी में इजाफा हुआ है। लिहाजा इस बार एससी व एसटी के लिए नए सिरे से आरक्षण किया जा रहा है। मुरैना और छिंदवाड़ा को नगर निगम का दर्जा मिलने के कारण अब प्रदेश में 16 नगर निगम हो गए हैं।
इनमें एससी व एसटी की आबादी के प्रतिशत के हिसाब से महापौर पद आरक्षित किए जाएंगे। इसके बाद चक्रानुक्रम के फार्मूले का उपयोग कर अभी अनारक्षित रहे नगर निगम को महिला महापौर और ओबीसी के लिए आरक्षित किया जाएगा। जहां चक्रानुक्रम नहीं लगेगा, वहां लाॅटरी के जरिए आरक्षण का फैसला होगा।
सूत्रों के मुताबिक इस बार तीन नगर निगम में महापौर का पद एससी व एसटी के लिए आरक्षित हो सकता है। भोपाल नगर निगम में यह पद एससी व एसटी वर्ग में आरक्षित होने की संभावना नहीं है। जबकि चार नगर निगम में ओबीसी महापौर होगा।
भोपाल नगर निगम के 85 वार्डों के लिए शुरू आरक्षण की प्रक्रिया
परिसीमन के बाद अब भोपाल नगर निगम के 85 वार्डों के आरक्षण की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। कलेक्टर निशांत वरवड़े ने सभी वार्ड की आबादी के आंकड़े नगर निगम से बुलवा लिए हैं। दैनिक भास्कर के पास मौजूद इसकी कॉपी में एससी और एसटी के आरक्षण की तस्वीर पूरी तरह साफ हो गई है।
आरक्षण फार्मूले के तहत 12 वार्ड एससी और 3 वार्ड एसटी के लिए आरक्षित किए जाएंगे। संभवत: अक्टूबर के पहले हफ्ते में आरक्षण किया जाएगा। कलेक्टर निशांत वरवड़े का कहना है कि चुनाव कार्यक्रम के तहत सभी प्रक्रिया तय वक्त पर चल रही है। आरक्षण भी तय समय-सीमा में कर दिया जाएगा।
एससी के लिए वार्ड आरक्षित होंगे
वार्ड आबादी %
63 44.47
59 38.43
47 35.67
53 30.83
11 29.53
10 29.44
28 29.03
83 28.01
80 28.00
81 27.99
82 27.82
50 24.20

एसटी के लिए वार्ड आरक्षित होंगे
वार्ड आबादी %

84 10.75
85 9.13
26 8.85