पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर
डाउनलोड करेंभोपाल। हमें ऐसा डायरेक्टर चाहिए जो कानून का अच्छा जानकार होने के साथ ही ईमानदार और बेदाग भी हो। यह सुझाव नेशनल लॉ इंस्टीट्यूट यूनिवर्सिटी (एनएलआईयू) के छात्र, फैकल्टी मेंबर्स और कर्मचारियों ने नए निदेशक की नियुक्ति के लिए सर्च कमेटी को भेजा है। यह पहला मौका है जब सर्च कमेटी ने किसी संस्थान के निदेशक पद पर नियुक्ति के लिए सुझाव मांगे हैं।
लॉ यूनिवर्सिटी के निदेशक प्रो.एसएस सिंह का कार्यकाल समाप्ति के करीब आते ही नए निदेशक की तलाश शुरू हो गई है। इस बार नए निदेशक की नियुक्ति के लिए पैनल ने कुछ अलग पहल करते हुए संस्थान के लोगों से राय मांगी थी। इसमें पूछा गया था कि उन्हें कैसा निदेशक चाहिए? ज्यादातर ने कहा कि एनएलआईयू का निदेशक ऐसा हो, जिसकी राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय ख्याति हो और वह बेदाग हो। लोगों ने सुझाव ई-मेल के साथ ही सीधे पैनल सदस्यों को फोन पर भी दिए।
जून में हो जाएगी घोषणा
जानकारी के मुताबिक 1 जून तक या इससे पहले पैनल तीन नाम जबलपुर हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश को सौंप देगी। वे इनमें से एक नाम पर संस्थान के विजिटर के साथ मिलकर सहमति बनाएंगे। दोनों में सहमति बनने के बाद इस नाम को जनरल काउंसिल की बैठक में अनुमोदन के लिए रखा जाएगा। जनरल काउंसिल अगर उम्मीदवार के नाम पर सहमति जताती है तो उसे निदेशक नियुक्त कर दिया जाएगा। संभवत: जून के आखिरी सप्ताह तक एनएलआईयू के नए निदेशक की घोषणा हो जाएगी। वर्तमान निदेशक प्रो. एसएस सिंह का कार्यकाल 22 जून को समाप्त हो रहा है।
डायरेक्टर पद की दौड़ में ये नाम आए सामने
सूत्रों के अनुसार निदेशक की दौड़ में वर्तमान निदेशक प्रो. सिंह को मिलाकर आधा दर्जन से ज्यादा नाम सामने आए हैं। इनमें एनएलआईयू के ही प्रोफेसर डॉ. सूर्य प्रकाश, बरकतउल्ला विश्वविद्यालय भोपाल की कुलपति प्रो. निशा दुबे, बीयू लॉ डिपार्टमेंट के प्रोफेसर व हिदायतउल्ला नेशनल लॉ यूनिवर्सिटी रायपुर के पूर्व कुलपति डॉ. एमके श्रीवास्तव, नलसार हैदराबाद के कुलपति डॉ. केडी सुब्बाराव, प्रो. वीरेंद्र कुमार, दिल्ली यूनिवर्सिटी के प्रो. वीके कौल व प्रो. सुरेश रैना के नाम चर्चा में हैं।
सर्च कमेटी में तीन सदस्य
एनएलआईयू निदेशक के चयन के लिए गठित तीन सदस्यीय सर्च कमेटी की अध्यक्षता एनएलआईयू बेंगलुरू के कुलपति प्रो. वेंकटराव कर रहे हैं। जबकि, अन्य दो सदस्यों में एनएलयू जोधपुर के कुलपति जस्टिस एनएन माथुर व चाणक्य नेशनल लॉ यूनिवर्सिटी पटना के कुलपति प्रो. ए.लक्ष्मीनाथ शामिल हैं। इनमें प्रो.वेंकटराव एनएलआईयू की जनरल काउंसिल द्वारा नामित हैं। वहीं, जस्टिस माथुर संस्थान की कार्यपरिषद तथा प्रो. लक्ष्मीनाथ यूजीसी द्वारा नामित सदस्य हैं।
Copyright © 2021-22 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.