पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • Nursing Students Sick By Eating 12 Grams

छोले खाने से 12 नर्सिंग छात्राएं बीमार, पांच अस्पताल में भर्ती

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
भोपाल. कस्तूरबा नर्सिंग कॉलेज से बीएससी नर्सिंग की पढ़ाई कर रही 12 छात्राएं बुधवार शाम छोले खाने के बाद बीमार हो गई। सभी को अचानक उल्टियां होने लगी। छात्राओं को उनकी सहेलियों ने तत्काल कस्तूरबा अस्पताल में भर्ती कराया। जहां से प्राथमिक उपचार के बाद सात छात्राओं को हॉस्टल भेज दिया गया, जबकि पांच अभी भर्ती हैं। अस्पताल की सीएमओ डॉ. सरला मेनन ने इसकी पुष्टि की है। डॉ. मेनन ने बताया कि हॉस्टल में रह रही 12 छात्राओं ने शाम करीब सवा सात बजे खाने में छोले खाए थे।
इसके बाद उन्हें उल्टियां होने लगी। अस्पताल में इमरजेंसी यूनिट के डॉक्टरों ने उनका परीक्षण एवं इलाज किया। डॉ. मेनन ने बताया कि अस्पताल में भर्ती एक भी छात्रा ने रात 11 बजे तक उल्टी नहीं की है। वह सिर्फ उल्टी का अहसास होने की शिकायत कर रही हैं। डॉ. मेनन ने बताया कि भर्ती पांच छात्राओं की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।
जांच के लिए नहीं लिया नमूना
इस मामले का एक पहलू यह भी है कि अस्पताल प्रबंधन ने इनमें से किसी भी छात्रा की उल्टी का नमूना नहीं लिया। जबकि किसी भी प्रकार के खाद्य पदार्थ के खाने के बाद उल्टी की शिकायत होने पर डॉक्टर को संबंधित मरीज की उल्टी का नमूना माइक्रोबायलॉजिकल जांच के लिए लेना होता है। इसकी जांच उल्टी होने के कारणों का पता करने के लिए की जाती है।
कारण जानने के लिए छात्राओं से पूछताछ
सीएमएचओ डॉ. पंकज शुक्ला ने बताया कि मामले की जांच के लिए गुरुवार को हॉस्टल की मैस से खाद्य पदार्थों के नमूने लिए जाएंगे। इसके लिए इंटीग्रेटेड डिसीज सर्विलांस प्रोग्राम और खाद्य अधिकारियों की टीम हॉस्टल जाएगी। सर्विलांस प्रोग्राम की टीम फूड प्वाइजनिंग के कारणों को पता करने के लिए बीमार हुई छात्राओं से भी पूछताछ करेगी।