पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • One Thousand And 15 Thousand Tablet Mask Floats

एक हजार मास्क और 15 हजार टेबलेट मंगाई, राजस्थान से मांगी मदद

6 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
भोपाल. शहर में स्वाइन फ्लू के बढ़ते संक्रमण से निपटने के लिए राज्य सरकार ने केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय से 1000 ए-95 मास्क और राजस्थान सरकार से टैमी फ्लू की 15 हजार टेबलेट मांगी हैं। केंद्र सरकार अगले हफ्ते तक मास्क की सप्लाई कर देगी, लेकिन राजस्थान से टेमीफ्लू टेबलेट की सप्लाई होने में करीब 15 दिन का समय लग सकता है।
इन सबके बीच शनिवार को जेपी, हमीदिया और दो निजी अस्पतालों में स्वाइन फ्लू के 25 नए संदिग्ध मरीज मिले हैं। इससे शहर में स्वाइन फ्लू की सी केटेगरी के मरीजों की संख्या 188 हो गई है। साथ ही पॉजिटिव मरीजों की संख्या भी बढ़कर 54 हो गई है।
जेपी, काटजू में शुरू की विशेष ओपीडी
स्वास्थ्य विभाग ने स्वाइन फ्लू के संक्रमण को काबू करने के लिए शनिवार को जेपी, काटजू और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बैरागढ़ में स्वाइन फ्लू ओपीडी शुरू कर दी। ओपीडी में पहले ही दिन सर्दी-खांसी से पीड़ित 150 मरीजों की जांच की गई। इनमें से 80 मरीजों को स्वाइन फ्लू की ए केटेगरी का इलाज दिया गया।
इस कैटेगरी के सबसे ज्यादा 110 मरीज जेपी अस्पताल पहुंचे। स्वाइन फ्लू कंट्रोल रूम के अफसरों के मुताबिक सभी नए संदिग्ध मरीजों के नमूने जांच के लिए जबलपुर स्थित आरएमआरसीटी भेजे हैं, जहां से इन मरीजों की जांच रिपोर्ट रविवार देर शाम आएगी।
जबलपुर से 24 घंटे में आने लगी जांच रिपोर्ट
जबलपुर की आरएमआरसीटी से शनिवार को 10 मरीजों की जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। इनके सुआब का नमूना शुक्रवार को भेजा गया था। यानी लगातार बढ़ते मरीजों को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग की कार्यप्रणाली में भी बदलाव आया है। इससे पहले तक जांच रिपोर्ट आने में देा दिन का समय लग रहा था। जबकि स्वास्थ्य मंत्रालय के स्वाइन फ्लू ट्रीटमेंट प्रोटोकॉल के तहत मरीज की जांच रिपोर्ट नमूना पहुंचने के 24 घंटे के भीतर देने का स्पष्ट प्रावधान है।
नगर निगम का अलर्ट- घर के आसपास रखें सफाई
स्वाइन फ्लू के साथ अन्य मौसमी बीमारियों से बचने के लिए घरों के आसपास सफाई का विशेष ध्यान रखें। नगर निगम ने अलर्ट जारी कर लोगों से अपील की है कि घरों के आसपास कहीं गंदा पानी जमा हाेने की स्थिति में निगम के कॉल सेंटर पर सूचित करें। इसके साथ ही कचरे को तुरंत उठवाने के लिए भी निगम के कॉल सेंटर के नंबरों 0755-2701000, 2701012, 2701013 या टोल फ्री नंबर 18002330014 पर संपर्क किया जा सकता है। नगर निगम कमिश्नर तेजस्वी एस नायक ने बताया कि निगम का सफाई दस्ता शहर में स्वच्छता के लिए पूरी तरह तैयार है।
स्वाइन फ्लू वार्ड में 24x7 ड्यूटी के निर्देश
जेपी, काटजू , हमीदिया अस्पताल में स्वाइन फ्लू के संदिग्ध और पॉजिटिव मरीजों के इलाज के इंतजामों की समीक्षा करने के लिए शनिवार को स्वास्थ्य और चिकित्सा शिक्षा विभाग के प्रमुख सचिव ने अस्पतालों का निरीक्षण किया। जेपी, काटजू और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण प्रमुख सचिव स्वास्थ्य प्रवीर कृष्ण ने किया।
उन्होंने स्वाइन फ्लू वार्ड में भर्ती मरीजों से दिए गए इलाज के बारे में फीडबैक लिया। वहीं हमीदिया अस्पताल में निरीक्षण के लिए प्रमुख सचिव चिकित्सा शिक्षा अजय तिर्की पहुंचे। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कॉलेज डीन डॉ. भानु दुबे को स्वाइन फ्लू वार्ड में सीनियर कंसलटेंट की 24x7 ड्यूटी लगाने के निर्देश दिए हैं।