पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • Online Exam Next Month Will Determine The Pattern

एमपी पीएससी: ऑनलाइन परीक्षा का पैटर्न अगले माह तक होगा तय

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
भोपाल. मध्यप्रदेश लोक सेवा आयोग की सभी परीक्षाएं ऑनलाइन कराने के लिए सरकार ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। इसके लिए उच्च स्तरीय समिति गठित की गई है। यह समिति 12 जनवरी 2015 तक अपनी रिपोर्ट राज्य सरकार को सौंपेगी, जिसके आधार पर पीएससी ऑनलाइन परीक्षा कराए जाने का पैटर्न तय होगा।
हाल ही में मुख्य सचिव अंटोनी डिसा की अध्यक्षता में गठित आईटी डिपार्टमेंट की हाई एम्पावर्ड कमेटी ने प्रदेश में पीएससी की परीक्षा ऑनलाइन कराए जाने को मंजूरी दी है। इसके बाद नया पैटर्न तय करने के लिए इग्नू के पूर्व वीसी और स्कूल ऑफ गुड गवर्नेंस के डीजी रह चुके प्रोफेसर एचपी दीक्षित की अध्यक्षता में तीन सदस्यीय समिति गठित की है।
प्रोफेसर दीक्षित का कहना है कि कैट, गेट एवं ऐसी संस्थाएं जो ऑनलाइन परीक्षाएं आयोजित कराती है, उनके साथ अब तक दो मीटिंग हो चुकी हैं। परीक्षा आयोजित किए जाने का फाइनल ड्राफ्ट सरकार को सौंपेंगे। इसमें से क्या लेना है और क्या नहीं यह सरकार के ऊपर निर्भर करता है।
टेंडर जारी

पीएससी आगामी वर्ष में सभी परिक्षाएं ऑन लाइन कराने जा रही है। इस परीक्षा में कोई चूक न हो, इसके लिए परीक्षा आयोजित कराने वाली कंपनी का चयन करने के लिए टेंडर भी जारी कर दिए गए हैं।
कंपनियों को टेक्निकल बिड जमा करने के लिए 7 जनवरी तक का समय तय किया गया है। इस दौरान जिन कंपनियों की बिड जमा होंगी, उसमें से तय किए गए मापंदड को पूरा करने वाली कंपनी को ऑन लाइन परीक्षा आयोजित कराने सॉफ्टवेयर तैयार करने की जिम्मेदारी सौंपी जाएगी।
महिला पर्यवेक्षक भर्ती परीक्षा आज
महिला एवं बाल विकास विभाग ने महिला पर्यवेक्षकों के पदों की संख्या बढ़ा दी है। खाली पदों की संख्या अब 604 से बढ़कर 1016 हो गई है। महिला पर्यवेक्षक के पद 375 से बढ़कर 586 और महिला पर्यवेक्षक आंगनवाड़ी कार्यकर्ता के पद 229 से बढ़कर 430 हो गए हैं। इन पदों पर सीधी भर्ती के लिए व्यावसायिक परीक्षा मंडल रविवार को चयन परीक्षा आयोजित कर रहा है। इस परीक्षा में करीब 3 लाख 29 हजार महिला उम्मीदवार शामिल होंगी।
व्यापमं प्रवक्ता आलोक निगम के अनुसार प्रदेश के 45 शहरों में होने वाली इस परीक्षा के लिए कुल 730 सेंटर बनाए गए हैं। भोपाल में ही परीक्षा के 42 सेंटर हैं। भोपाल में परीक्षा देने वालों की संख्या 18 हजार के आसपास है। प्रमुख परीक्षा केंद्र सरोजिनी नायडू गर्ल्स कॉलेज, एमवीएम, हमीदिया कॉलेज, भेल कॉलेज शामिल हैं।