पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें

पीएमटी फर्जीवाड़ाः शर्ट की कॉलर और ब्लूटुथ डिवाइस से चलती थी नकल

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक

भोपाल. स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) ने पीएमटी में गड़बड़ी के आरोपी डॉ. जगदीश सागर और संजीव शिल्पकार के खास साथी मोहित चौधरी की तलाश तेज कर दी है। आरोपी सन 2012 और 2013 में इस परीक्षा में हुई गड़बड़ी का अहम सूत्रधार बताया जा रहा है। इंदौर के एमजीएम कॉलेज में एमबीबीएस के छात्र रह चुके मोहित की तलाश के लिए एसटीएफ की टीमें उसके कई ठिकानों पर दबिश दे चुकी है।

मोहित को बीते साल छह मार्च को कोलार पुलिस भी उसके चार साथियों के साथ गिरफ्तार कर चुकी है। वह अपने साथियों के साथ मिलकर हाईटेक तरीके से एमपी पीएससी, पीईटी और पीएमटी परीक्षाओं में नकल कराता था। इसके लिए वे विषय विशेषज्ञों की मदद से ब्लूटुथ डिवाइस के जरिए परीक्षा हॉल में बैठे परीक्षार्थी के लगातार संपर्क में रहते थे और उसे हर जवाब बताते चले जाते थे। शर्ट की कॉलर में इस डिवाइस को छिपाकर परीक्षार्थी को पेपर देने भेजा जाता था। गिरफ्तारी के बाद मोहित जमानत पर छूट गया था।

एसटीएफ सूत्रों के मुताबिक मोहित एमपीपीएससी, पीईटी और पीएमटी के पेपर आउट करवाने से लेकर इन परीक्षाओं में पास करवाने तक के ठेके लेता था। 35-40 लाख रुपए में तय हुए सौदे की शुरुआत परीक्षार्थी की मार्कशीट और कुछ रकम लेकर होती थी। काम हो जाने के बाद उससे पूरी रकम वसूली जाती थी। एसटीएफ सूत्रों ने बताया कि जगदीश सागर और संजीव शिल्पकार के अलावा अन्य आरोपियों ने भी उसके बारे में बताया है। इस आधार पर एसटीएफ उसकी तलाश कर रही है। माना जा रहा है कि उसके पकड़े जाने के बाद और भी खुलासे हो सकते हैं।

आगे की स्लाइड में पढ़िए कल पेश होगा पीएमटी 2012 में चालान...