पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • Principal Secretary To The Minister Of The Conference Broke Left Bhopal Indore

स्वाइन फ्लू: भोपाल में मंत्री ने कॉन्फ्रेंस छोड़ी इंदौर में प्रमुख सचिव भड़के

6 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
भोपाल. प्रदेश में बेकाबू हो रहे स्वाइन फ्लू के बारे में स्वास्थ्य मंत्री नरोत्तम मिश्रा और स्वास्थ्य विभाग के प्रमुख सचिव प्रवीर कृष्ण मंगलवार को पत्रकारों के सवालों पर बिफर गए। भोपाल में कैबिनेट की ब्रीफिंग के लिए बुलाई गई प्रेस कॉन्फ्रेंस में जब मिश्रा से पूछा गया कि प्रदेश में अब तक स्वाइन फ्लू से कितनी मौतें हुईं, तो वे प्रेस कॉन्फ्रेंस से ही उठकर चले गए। उन्होंने सिर्फ इतना कहा कि प्रदेश में हाई अलर्ट जारी कर दिया गया है। सभी जिलों में दवा व मास्क उपलब्ध हैं। हर जिले में दो-दो डॉक्टरों की टीम रवाना की गई है।
उधर, इंदौर में स्वाइन फ्लू से मंगलवार को एक और मौत हो गई। मंगलवार को स्वास्थ्य विभाग के प्रमुख सचिव प्रवीर कृष्ण स्वाइन फ्लू के इलाज की व्यवस्थाएं जांचने के लिए इंदौर तो गए लेकिन एमवाय अस्पताल नहीं पहुंचे। उन्होंने जिला अस्पताल और पीसी सेठी अस्पताल में स्वाइन फ्लू से बचाव के लिए लगाए पोस्टर-बैनर यह कहते हुए फाड़ दिए कि ऐसे पोस्टरों की जरूरत नहीं है।
नए अपडेट पोस्टर लगाएं और इलाज करें। दैनिक भास्कर ने जब उनसे पूछा कि प्रदेश में 53 मौतों के बाद अब सिस्टम खड़ा करने की बातें हो रही हैं? तो वे भड़क गए। बोले- कितनी मौतें ऑफिशियल हुईं और कितनी अनऑफिशियल, इस पर कोई बात नहीं करना चाहता।
मुख्यमंत्री करेंगे आज समीक्षा
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान बुधवार को प्रदेश में स्वाइन फ्लू के संक्रमण और उसके रोकथाम के उपायों की समीक्षा करेंगे। इस दौरान वे स्वास्थ्य विभाग के अफसरों से फ्लू से हुई मौतों की रिपोर्ट पर भी चर्चा करेंगे।
मुख्य सचिव बोले : पीएस एमवाय क्यों नहीं गए, प्रतिवेदन मिलने पर पूछूंगा

प्रवीर कृष्ण स्वाइन फ्लू के इलाज का सेटअप और इन्फ्रास्ट्रक्चर देखने व जांचने के लिए इंदौर गए थे। उनके दौरे का प्रतिवेदन मेरे पास आएगा तब मैं उनसे इस संबंध में पूछूंगा।
-अंटोनी डिसा, मुख्य सचिव